शहर

Nalanda News: शराब तस्करों का पीछा कर रही उत्पाद टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गोली लगने से सिपाही की मौत

नालंदा में शराब तस्करों का पीछा कर रही पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम पर फायरिंग में एक सिपाही की मौत हो गई। पावापुरी-गिरियक हाईवे पर गोली लगने से घायल सिपाही ने पटना में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Image

नालंदा में शराब तस्करों की फायरिंग में उत्पाद विभाग के सिपाही की मौत

Photo : Times Now Digital

Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां शराब तस्करों का पीछा करने के दौरान पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस घटना में उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, टीम गुप्त सूचना के आधार पर शराब तस्करों को पकड़ने के लिए निकली थी। इसी दौरान यह घटना हुई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

नालंदा के पुलिस अधीक्षक (SP) हृदयकांत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (EIB) को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है। सूचना के मुताबिक, शराब से लदी गाड़ी नवादा जिले के खराट मोड़ से आगे निकल चुकी थी। इसके बाद शराब तस्करों को पकड़ने के लिए टीम ने कार्रवाई शुरू की।

शराब तस्करों का पीछा कर रही थी टीम

शराब की खेप की सूचना मिलने के बाद पटना की EIB टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर संदिग्ध गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। पावापुरी-गिरियक इलाके में हाईवे पर जब पुलिस तस्करों की गाड़ी को घेरने की कोशिश कर रही थी, तभी तस्करों ने चलती गाड़ी से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में पीछे बैठे उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार को गोली लग गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पटना ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हिलसा के रहने वाले थे अजीत कुमार

मृतक सिपाही अजीत कुमार नालंदा जिले के हिलसा के रहने वाले थे। घटना की पुष्टि पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने की है। वहीं, उत्पाद अधीक्षक ने भी सिपाही की मौत की जानकारी दी है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और तस्करों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article