Mumbai News: मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां रात के खाने के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जांच में इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है, हालांकि अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
मुंबई पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एक साथ खत्म हो गया पूरा परिवार
पायधुनी पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया (35) और उनकी दो बेटियों आयशा (16) व जैनब (13) के रूप में हुई है। डिनर करने के बाद यह हंसता-खेलता परिवार पहले अस्पताल में भर्ती हुआ, फिर एक एक कर चारों ने दम तोड़ दिया।
बिरयानी के बाद खाया था तरबूज
मौत से पहले परिवार के एक सदस्य ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात के भोजन में सभी ने साथ मिलकर बिरयानी खाई थी। भोजन के कुछ देर बाद ही परिवार ने तरबूज खाया था। इसके कुछ ही समय बाद सबकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।
क्या कहती है पुलिस?
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि क्या मौत खाने में किसी जहरीले तत्व के होने से हुई है या फिर बिरयानी या तरबूज में से कोई इस हद तक दूषित था कि जानलेवा साबित हुआ। हालांकि, असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनावश मौत (ADR) का मामला दर्ज किया है लेकिन इस मामले में पुख्ता जानकारी लैब रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएगी।
