मुंबई: मुंबई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने ऑनलाइन आइसक्रीम ऑर्डर की थी। आरोप है कि आइस्क्रीम के कोन के अंदर इंसान की कटी हुई उंगली का टुकड़ा मिला। महिला ये तस्वीर देख हक्का बक्का रह गई। उसने तुंरत नजदीकी पुलिस स्टेशन को इसकी सूचना दी। पुलिस भी कह रही है कि शुरुआती जांच में कोन में इंसानी अंग का हिस्सा पाया गया है। फिलहाल, पुलिस ने पुख्ता जांच के लिए इंसानी अंग को एफएसएल में भेजा है। हालांकि, महिला ने आधी से ज्यादा आइसक्रीम खा ली थी। लेकिन, जैसे ही उसे इसका एहसास हुआ तो उसने करीब से उसे देखा और पुलिस को जानकारी दी।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेज गया सैंपल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मलाड निवासी एक महिला ओरलेम ब्रेंडन सेराओ (27) जो पेशे से डॉक्टर हैं। उनकी बहन ने उनके लिए ऑनलाइन आइसक्रीम ऑर्डर की थी। आधी आइसक्रीम खाने के बाद उसे इंसानी उंगली जैसा टुकड़ा होने का एहसास हुआ। पुलिस का कहना है कि उक्त टुकड़े को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जहां से आइस्क्रीम ऑर्डर की गई थी उस जगह की तलाशी ली जाएगी। खासकर, जहां से आइसक्रीम का निर्माण और पैकजिंग की गई थी, वहां गहनता से जांच कर पूछताछ की जाएगी। यह काफी गंभीर मामला है, लिहाजा इसकी पुख्ता जांच होगी।
