मुंबई

मुंबई में 'बासी खाने' की शिकायत पर शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने स्टाफ को पीटा, अब कैंटीन का लाइलेंस हुआ निलंबित

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मुंबई स्थित एमएलए हॉस्टल में कैंटीन चलाने वाले एक कैटरर का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इस हॉस्टल के एक कर्मचारी पर शिवसेना विधायक ने कथित तौर पर बासी खाना परोसने के आरोप में हमला किया था।

Image

मुंबई कैंटीन बासी खाना मामले में FDI की कार्रवाई (फोटो: वीडियो ग्रैव)

महाराष्ट्र में शिवसेना शिंदे गुट के विधायक संजय गायकवाड़ ने मुंबई में विधायक निवास की कैंटीन में बासी भोजन दिए जाने पर एक कर्मचारी को कई थप्पड़ जड़ दिए थे। वहीं अब इस मामले में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कैंटीन चलाने वाले कैटरर का लाइसेंस निलंबित कर दिया।

एफडीए ने अपने निलंबन आदेश में कहा कि ठेकेदार (अजंता कैटरर्स) ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 का भी उल्लंघन किया है।नियामक ने बताया कि हॉस्टल में दिन में किए गए निरीक्षण के दौरान ये उल्लंघन पाए गए।

हॉस्टल परिसर में खाद्य सेवा संचालन बंद करने का निर्देश

एफडीए के आदेश में अजंता कैटरर्स को बृहस्पतिवार (10 जुलाई) से हॉस्टल परिसर में खाद्य सेवा संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है।यह कार्रवाई शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ द्वारा एमएलए हॉस्टल कैंटीन में 'बासी भोजन' परोसने पर एक कर्मचारी को थप्पड़ मारने के बाद की गई है।

'खाने की गुणवत्ता को लेकर बार-बार चिंता जताई थी'

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी के विधायक ने कहा कि उन्होंने कैंटीन में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर बार-बार चिंता जताई थी, लेकिन कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई।गायकवाड़ ने दावा किया, 'मैंने कैंटीन में परोसे जाने वाले खाने के बारे में कई बार शिकायत की, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।'

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसकी निंदा की

बुलढाणा के विधायक द्वारा विधायकों के छात्रावास की कैंटीन में 'बासी खाना' परोसने पर एक कर्मचारी को थप्पड़ और घूंसे मारते हुए वायरल हुए वीडियो फुटेज की सरकार और विपक्ष ने व्यापक निंदा की है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस कृत्य की निंदा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह का व्यवहार विधायकों द्वारा अपनी शक्ति का दुरुपयोग करने के बारे में 'गलत संदेश' देता है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article