मुंबई

नागपुर में बारिश का कहर, 4 घंटे में 100 मिमी बारिश, पानी इतना कि घर में ही डूब गई महिला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2023, 09:22 AM IST

महाराष्ट्र के नागपुर में लगातार बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। घरों में पानी घुस गया है। पूरे शहर में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए है। एक घर में इतना पानी हो गया कि महिला की डूब कर मौत हो गई।

महाराष्ट्र के नागपुर में मौसम ने कहर बरपा रखा है। 4 घंटे में 100 मिली मीटर बारिश हुई। पूरे शहर में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। नागपुर में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ की वजह से 53 वर्षीय महिला समेत 4 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार देर शाम को प्रत्येक मृतक के परिजन को 4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक बाढ़ का पानी सुरेंद्रगढ़ निवासी संध्या धोरे (53) और उनकी मां सयाबाई धोरे (72) के घर में घुस गया। इस दौरान, अन्य रिश्तेदार घर से निकलने में सफल रहे, लेकिन पक्षाघात की शिकार संध्या धोरे घर में ही छूट गईं, क्योंकि वह चलते-फिरने में असमर्थ थीं। अधिकारी ने बताया कि कमरे में जलस्तर बढ़ने के बाद संध्या धोरे डूब गईं। एक बचाव दल ने शनिवार सुबह उनका शव बरामद किया।

अधिकारी ने बताया कि गित्तिखादन में अकेले रहने वालीं 70 वर्षीय मीराबाई कप्पूस्वामी के कमरे में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को दो बजे बाढ़ का पानी घुस गया। उन्होंने बताया कि मीराबाई के शव को सुबह छह बजे रिश्तेदारों ने बाहर निकाला। अधिकारी के अनुसार, शनिवार शाम को धंतोली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचशील चौराहे के पास एक 'नाले' से अज्ञात शव बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि चौथे मामले में अयोध्या नगर के रहने वाले चाय विक्रेता संजय शंकर गाडेगांवकर (52) की शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात तीन बजे सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के परिसर के एक गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि संजय अस्पताल में अपने एक रिश्तेदार से मिलने आए थे। अजनी पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। बीते कुछ घंटों से हुई भारी बारिश की वजह से नागपुर के ज्यादातर हिस्सों में बाढ़ आ गई है, जिसके बाद एक विद्यालय के 70 छात्रों सहित 400 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article