Mumbai Weather: मुंबई में रविवार को अचानक बारिश हुई। आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ तथा पालघर और इनके आस-पास के इलाकों में पीला अलर्ट जारी कर दिया है। इसके अलावा आईएमडी ने एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने के साथ तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई है। इन हवाओं की गति 30-40 से किमी प्रति घंटा हो सकती है।
आईएमडी ने पूरे महाराष्ट्र में 26 से लेकर 28 नवंबर तक येलो अलर्ट जारी कर दिया है। आईएमडी के अनुमान के अनुसार, मुंबई में तेज हवाओं के साथ आने वाले दिनों में तेज बारिश हो सकती है। रविवार को हुई बारिश के बाद से शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आईएमडी के अधिकारी द्वारा दी जानकारी के अनुसार कोलाबा वेधशाला में 9.2 मिमी की बारिश दर्ज की गई है। वहीं सांताक्रूज़ वेधशाला में 5.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। आज यानी 27 नवंबर को भी भारी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है।
रविवार को मुंबई में हुई बेमौसम बारिश के बाद सबसे महत्वपूर्ण सवाल ये है कि शहर में ठंड के मौसम में बारिश क्यों हो रही है। क्या है इस बेमौसम बारिश का कारण?
क्या है मुंबई की बेमौसम बारिश का कारण
आईएमडी ने मुंबई में हो रही बेमौसम बारिश का कारण बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव को बताया है। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी के तट पर एक ट्रफ रेखा बन रही है। ये ट्रफ रेखा महाराष्ट्र के तट की ओर बढ़ रहा है, जिस कारण से मुंबई सहित कई जिलों में बारिश हो रही है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती है और बिजली गिरने की भी संभावना है।
प्रदूषण में हुआ सुधार
मुंबई, ठाणे, डोंबिवली, गोरेगांव, मुलुंड, मलाड और अन्य कई हिस्सों में हो रही बारिश के चलते प्रदूषण से काफी राहत है। आने वाले दिनों में बारिश के होने से हवा में सुधार के साथ और प्रदूषण कम हो सकता है। बता दें कि आईएमडी ने मुंबई के अलावा दिल्ली, राजस्थान और अन्य कई राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई है।
