मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित है। आज यानी मंगलवार 19 अगस्त को सेंट्रल रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और कुर्ला स्टेशनों के बीच हार्बर लाइन की लोकल ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी हैं। अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के बाद पटरियों पर पानी भर गया था और कुछ हिस्सों में ट्रैक पूरी तरह से डूब गए।
मुंबई में रेलवे ट्रैक पर भी भरा पानी, नावें चल रहीं (फोटो - PTI)
सेंट्रल रेलवे ने अपनी मेन लाइन पर कुर्ला और सायन के बीच की ट्रेन सेवाएं भी रोक दीं, क्योंकि वहां भी रेल पटरियों पर पानी भर गया था। रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि सुबह 11:20 बजे से सीएसएमटी और कुर्ला के बीच हार्बर लाइन पर सेवाएं रोक दी गईं हैं। यहां पटरियां करीब 12 इंच यानी एक फिट पानी में डूब गई थीं। यहां पटरियों पर पानी भरने की वजह पास से बहने वाली मिटी नदी में आया उफान था।
सेंट्रल रेलवे मुंबई डिवीजन के प्रबंधक हिरेन मीणा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने कहा, “भारी बारिश और चूनाभट्टी स्टेशन पर जलभराव के कारण CLA और CSMT के बीच हार्बर लाइन सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित रहेंगी।” उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि सिर्फ बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
वेस्टर्न रेलवे ने कई स्टेशनों के बीच सेवाएं निलंबित कीं (फोटो - PTI)
उन्होंने यह भी बताया कि भारी बारिश के कारण सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन और हार्बर लाइन पर ट्रेनों का संचालन तय समय से देर से हो रहा है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।
पश्चिम रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। सुबह से ही कई स्थानों पर पटरियां पानी में डूबी हुई हैं, जिसके कारण ट्रेनें देरी से चल रही हैं। लगातार बारिश से मुंबई की रफ्तार एक बार फिर थम सी गई है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Input - PTI
