Mumbai Monsoon 2024 : मुंबई में दो दिन के बाद शुक्रवार को अधिकांश हिस्सों में एक बार फिर बारिश हुई जिससे लोगों को तपिश और उमस से राहत मिली। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि गरज के साथ बारिश शुरू हुई लेकिन इससे शहर में कहीं भी बड़ी मात्रा में जलभराव की कोई खबर नहीं है। अधिकारी ने बताया कि रेलवे और बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बीईएसटी) बस की सार्वजनिक परिवहन सेवाएं काफी हद तक सामान्य हैं हालांकि कुछ स्थानों से सेवाओं में कुछ विलंब की सूचना है। उधर, गर्मी से बेहाल पूर्वोत्तर और उत्तर भारत में मानसून कब पहुंचेगा, इसके लिए अभी सभी को इंतजार है।
24 घंटे में बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में शहर और उपनगरों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मुंबई में मॉनसून अपनी सामान्य तिथि 11 जून से दो दिन पहले नौ जून को पहुंचा, इसके बाद भी पिछले दो दिनों में महानगर में बारिश नहीं हुई जिससे वहां मौसम उमस भरा रहा।
दिल्ली में बारिश की संभावना
उधर, दिल्ली में शुक्रवार को हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। विभाग ने दिल्ली में कुछ स्थानों पर लू चलने के साथ बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही गरज के साथ छींटे पड़ने और तेज हवाओं के साथ बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गयी है। राजधानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह साढ़े आठ बजे न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता 32 प्रतिशत दर्ज की गई।
जानें कहां कब आएगा मानसून
| शहर | मानसून की अनुमानित तिथि |
| मुंबई | 10-11 जून |
| कोलकाता | 10-11 जून |
| दिल्ली | 28-30 जून |
| चेन्नई | 10 जून |
| उत्तर प्रदेश | 25-30 जून |
| राजस्थान | 30-8 जून |
| हरियाणा-पंजान | 30-8 जून |
| बिहार | 10 -15 जून |
