मुंबई

Mumbai Water Crisis News: नवी मुंबई के इस इलाके में सप्ताह में तीन दिनों तक नहीं होगी पानी की सप्लाई, जानिए वजह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 3, 2023, 07:17 PM IST

Water Cut In Uran: नवी मुंबई के उरण तालुका में अब सप्ताह में तीन दिन ही पानी की सप्लाई हो सकेगी। महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम ने इसको लेकर सूचना जारी कर दिया है। इस कटौती का असर लाखों लोगों पर पड़ने वाला है। इसके पीछे की वजह रणसाई बांध के जलस्तर का कम होना और सहायक बांध हेटवाणे से आपूर्ति बंद होना बताया जा रहा है।

Image

नवी मुंबई के उरण तालुका में अब सप्ताह में केवल तीन दिन पानी की होगी आपूर्ति (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • सप्ताह में मंगलवार, शुक्रवार एवं रविवार को नहीं होगी जलापूर्ति
  • रणसाई बांध का जलस्तर का कम होना बना वजह
  • 60 साल पहले बनाए गए रणसाई बांध में जम गई है गाद

Mumbai News: महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम अब नवी मुंबई के उरण तालुका में सप्ताह में तीन दिन जलापूर्ति कम करने जा रहा है। इसके पीछे की वजह उरण तालुका के दिघोडे गांव के रणसाई बांध का जलस्तर घटना है। मौजूदा जल स्तर को देखते हुए रोजाना जलापूर्ति नहीं की जा सकेगी। इस बांध से कई ग्राम पंचायतों, उरण टाउनशिप और सरकारी संस्थानों को पानी की आपूर्ति की जाती है। वर्तमान में रणसाई बांध में केवल 4.655 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी ही बचा है। जो उरण तालुक के निवासियों के लिए पर्याप्त नहीं है। मानसून आने और जल स्तर बढ़ने तक पानी की आपूर्ति जारी रखने के लिए पानी की सप्लाई में कटौती करने का निर्णय लिया गया है।

बता दें कि, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम के अनुसार, उरण तालुका में मंगलवार, शुक्रवार एवं रविवार को जलापूर्ति नहीं की जाएगी। पानी की कटौती जून महीने तक जारी रहेगी। 60 साल पहले बनाए गए रणसाई बांध में समय के साथ बड़ी मात्रा में गाद जमा हो गई है। जिससे इसकी जल भंडारण क्षमता काफी कम हो गई है।

रणसाई बांध की ऊंचाई बढ़ाने का चल रहा प्रस्ताव

मिली जानकारी के अनुसार, सिडको के हेटवाणे बांध से प्रतिदिन 10 एमएलडी अतिरिक्त पानी लिया जाता था। सिडको ने पानी की आपूर्ति बंद कर दी है। इसलिए पानी की आपूर्ति में कटौती करने का निर्णय लिया गया है। रणसाई बांध की ऊंचाई बढ़ाने से पानी की समस्या का समाधान हो जाएगा। महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम के इंजीनियरिंग विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, रणसाई बांध की ऊंचाई बढ़ाने के संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

पानी की कटौती से इन पर होगा असर

जानकारी के लिए बता दें कि, नवी मुंबई के उरण तालुका में जल कटौती के फैसले से विभिन्न विकास कार्यों, परियोजनाओं, कंपनियों और जेएनपीए पर काफी असर पड़ेगा। पानी की कमी के कारण विभिन्न विकास कार्य ठप होने की भी संभावना है। रणसाई बांध का निर्माण एमआईडीसी की ओर से लगभग 60 साल पहले किया गया था। यह बांध 20 ग्राम पंचायतों, उरण नगर परिषद, जेएनपीटी टाउनशिप और विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों (रक्षा प्रतिष्ठानों सहित) के लिए पानी का एक प्रमुख जरिया है। महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम ने पानी की आपूर्ति के लिए उचित प्रबंध करने का लोगों को आश्वासन दिया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article