Mumbai News: भारत में होली के त्योहार के हमेशा से धूमधाम से मनाया जाता है। रंगों के इस त्योहार को हर कोई अपने अलग और खास अंदाज में मनाता है। वहीं होली के मौके पर देश के कई राज्यों में सार्वजनिक परिवहन सुविधा प्रभावित भी होती रहती हैं। ऐसे में होली के त्योहार को देखते हुए मुंबई मेट्रो के समय में बदलाव किया गया है। होली पर यात्रियों के मेट्रो के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। मेट्रो के समय में बदलाव की जानकारी महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से एक विज्ञप्ति जारी करके दी गई है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि, मुंबई मेट्रो लाइन 2ए और 7 होली के त्योहार के दिन चालू रहेंगी। मेट्रो सुबह 15 मिनट के अंतराल पर चलेगी। होली के दिन मेट्रो चलाने का फैसला यात्रियों की आवश्यकता को देखते हुए लिया गया है। हालांकि मेट्रो में समय का बदलाव सिर्फ दोपहर तक के लिए किया गया है।
दोपहर बाद फिर बदलेगा समय
मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड की विज्ञप्ति के मुताबिक शाम के समय 3 बजे से, मेट्रो 10 मिनट के अंतराल में यात्रियों को मिलेगी। मेट्रो सेवा की शुरुआत और समाप्ति का समय वर्तमान रूटीन की तरह ही रहेगा। मुंबई मेट्रो ने कहा है कि यात्रियों को होली के त्योहार के दौरान आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मेट्रो के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि नए समय के अनुसार होली के दिन अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
यात्रियों का सुचारू और परेशानी मुक्त सफर होगा
इस बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए एमएमएमओसीएल के सीएमडी एसवीआर श्रीनिवास ने कहा है कि, मुंबई मेट्रो होली के त्योहार के महत्व और यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने की आवश्यकता को समझते हैं। इसलिए, एमएमएमओसीएल मुंबई के लोगों को आश्वासन देता है, कि एक सुचारू और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए गए हैं। मुंबई मेट्रो सभी के खुश और सुरक्षित होली पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने में तत्पर है। आपको बता दें कि, देश के कई राज्य ऐसे हैं जहां कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाओं को बंद रखा जाएगा, मुंबई में मेट्रो चलती रहेगी।
