Mumbai News: साल 2022 खत्म होने में महज दो दिन बचे हैं। ऐसे में दुनियाभर में नए साल के जश्न की तैयारी की जा रही है। मुंबई में भी नए साल का जश्न काफी जोरों-शोरों से मनाया जाता है, लोग देर रात को पार्टी करना और घूमना पसंद करते हैं। इस बीच मध्य रेलवे ने देर रात तक नए साल का जश्न मनाने वालों को खास सहूलियत देने का फैसला किया है। रेलवे ने नए साल से एक दिन पहले यानी 31 दिसंबर की रात और नए साल वाले दिन 1 जनवरी को चार स्पेशल लोकल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
ये चार स्पेशल लोकल ट्रेन सिर्फ इन दो दिन के लिए चलेंगी। मध्य रेलवे ने यह फैसला नए साल के जश्न को देखते हुए लिया है। बहुत बार देर रात तक जश्न मनाने वाले लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है, जिसको ध्यान में रखते हुए दो दिन के लिए चार स्पेशल लोकल ट्रेनों को चलाया जाएगा।
इन रूट पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
इस बात की जानकारी मध्य रेलवे ने विज्ञप्ति जारी करते दी है, जिसमें कहा गया है कि दो स्पेशल उपनगरीय ट्रेनों का परिचालन मुख्य लाइन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (सीएसएमटी) से कल्याण स्टेशन के बीच किया जाएगा, जबकि बाकी दो ट्रेन का परिचालन हार्बर लाइन पर सीएसएमटी से पनवेल के बीच रहेगा। मध्य रेलवे ने ट्रेनों की लिस्ट भी जारी कर दी है।यह होगा समय
रेलवे के विज्ञप्ति के अनुसार 31 दिसंबर और 1 जनवरी के दरमियानी रात मुख्य लाइन पर स्पेशल ट्रेन रात 1:30 बजे सीएसएमटी से कल्याण के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन रात को 3 बजे कल्याण पहुंचाएगी। वहीं ट्रेन रात 1:30 बजे कल्याण से सीएसएमटी रवाना होगी जो रात तीन बजे पहुंचेगी। मध्य रेलवे ने जानकारी दी है कि हार्बर लाइन पर स्पेशल ट्रेन 1:30 बजे सीएसएमटी से रवाना होगी और देर रात 2:50 बजे पनवेल पहुंचेगी, इसी तरह दूसरी स्पेशल ट्रेन पनवेल से देर 1:30 बजे रवाना होगी और देर 2:50 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। विज्ञप्ति के अनुसार इन स्पेशल लोकल ट्रेनों का सभी स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। इससे पहले पश्चिमी रेलवे ने नए साल को देखते हुए 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक चर्चगेट और विरार रेलवे स्टेशनों के बीच आठ स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की थी।
