Mumbai Crime News: मुंबई में शुक्रवार को एक युवक ने सरेआम चाकू घोंपकर अपनी पूर्व प्रेमिका की हत्या कर दी और फिर खुद भी गला रेतकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी सोनू बराई (24) ने मनीषा यादव (24) पर पूर्वाह्न करीब 11 बजे कालाचौकी इलाके में सड़क पर हमला किया। यह घटना दोनों के प्रेम संबंध समाप्त होने के लगभग दो हफ्ते बाद हुई। उन्होंने बताया कि हमले में गंभीर रूप से घायल मनीषा को बायकुला स्थित डॉ. आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
युवक ने पूर्व प्रेमिका पर क्यों किया हमला
पुलिस ने बताया कि बराई को मनीषा के किसी और से संबंध होने का शक था जिसके कारण दोनों के बीच झगड़ा हुआ था और उन्होंने अपना रिश्ता खत्म कर लिया। उन्होंने बताया कि बराई ने अपनी पूर्व प्रेमिका को शुक्रवार की सुबह मिलने के लिए बुलाया लेकिन वह अपने साथ रसोईघर में इस्तेमाल किया जाने वाला चाकू भी लेकर आया। अधिकारी ने बताया कि मनीषा जब मौके पर पहुंची तो बराई ने उस पर दो से तीन बार चाकू से वार किया। उन्होंने बताया कि घायल अवस्था में मनीषा अपनी जान बचाने के लिए भागी और एक निजी अस्पताल में घुस गई। बराई ने मनीषा का पीछा किया और अस्पताल के अंदर घुसकर उस पर फिर चाकू से वार किया।
अस्पताल में लोगों ने की बीच-बचाव की कोशिश
अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की लेकिन बराई के गुस्से और चाकू से लैस होने की वजह से वे ज्यादा कुछ नहीं कर सके। तभी किसी ने बराई को पत्थर फेंककर मारा और लाठी से प्रहार किया, जिससे उसे एहसास हो गया कि वह बच नहीं पाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके बाद बराई ने अपना गला काट लिया और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नर्सिंग होम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
नर्सिंग होम के अंदर हुए हमले के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। वीडियो क्लिप में लोगों को हमलावर से पीड़िता को बचाने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है और कुछ अन्य लोग आरोपी को डंडे से पीटते और उस पर पत्थर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, यातायात पुलिसकर्मी किरण सूर्यवंशी घटनास्थल के पास फुटपाथ पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे तभी एक राहगीर ने उन्हें घटना की सूचना दी। सूर्यवंशी दौड़कर अंदर गए और मनीषा यादव को बिना समय गंवाए टैक्सी से अंबेडकर अस्पताल ले गए। बाद में मनीषा को सरकारी जे.जे. अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
अधिकारी ने बताया कि बराई नर्सिंग होम के प्रवेश द्वार पर खून से लथपथ पड़ा था और उसे तुरंत नगर निगम द्वारा संचालित केईएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कालाचौकी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
