मुंबई

Mumbai Building Fire: कांदिवली में बिल्डिंग में आग लगने से 8 लोग घायल, 3 ICU में भर्ती

Mumbai Building Fire: मुंबई के कांदिवली पश्चिम इलाके में आज सुबह 16 मंजिला ऊंची इमारत के दूसरे फ्लोर पर आग लग गई। फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया। लेकिन धुआं तेजी से फैलने के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। 8 घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Mumbai Building Fire: मुंबई के कांदिवली पश्चिम इलाके में रविवार सुबह एक ऊंची इमारत में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। हादसा शंकर लेन स्थित 'अग्रवाल रेजिडेंसी' में हुआ, जिसमें 8 लोग घायल हो गए। घायलों को फौरन नजदीकी टुंगा हॉस्पिटल, मालाड (पश्चिम) में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें आईसीयू में रखा गया है। आग की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सिर्फ 20 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

धुएं से लोगों को सांस लेने में तकलीफ

फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग ग्राउंड प्लस 16 मंजिला इस ऊंची रिहायशी इमारत की दूसरी मंजिल के रूम नंबर 205 में लगी थी। आग इलेक्ट्रिक वायरिंग, इंस्टॉलेशन और लकड़ी के फर्नीचर तक सीमित थी, लेकिन धुआं तेजी से फैल गया जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। फायर ब्रिगेड की टीम ने बहादुरी दिखाते हुए 8 लोगों को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित निकाला। बचाए गए लोगों में दो पुरुष, तीन महिलाएं और तीन बच्चे (एक लड़की और दो लड़के) शामिल हैं।

घायलों की पहचान चिंतन अभय कोठारी (45), ख्याति चिंतन कोठारी (42), ज्योति अभय कोठारी (66), पार्थ कोठारी (39), ऋद्धि पार्थ कोठारी (36), आयरा पार्थ कोठारी (6), प्रांज पार्थ कोठारी (3) और महावीर चिंतन कोठारी (7) के रूप में हुई है। इनमें से चिंतन अभय कोठारी, ख्याति चिंतन कोठारी और ज्योति अभय कोठारी को आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

बीएमसी के मुताबिक, आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद पूरे इलाके में कुछ देर तक धुआं फैल गया था, लेकिन फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और दमकल विभाग ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article