Maharashtra Rain Alert 25 जुलाई : महाराष्ट्र में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मुंबई समेत अन्य जिलों में जुलाई के अंतिम सप्ताह में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। खासकर, मुंबई में शुक्रवार को भारी बारिश के कारण दोपहर को समुद्री लहरें (हाईटाइड) देखने को मिलेंगी, लिहाजा लोगों को समुद्र के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है। स्काईमेट के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मुंबई में पिछले दो दिनों से लगातार 100 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। सोमवार से बुधवार के बीच लगभग 300 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति रही। आज सुबह से जारी मूसलाधार बारिश के बाद मुंबई पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि अगर बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।
समुद्र में ऊंची लहरों का प्रकोप
जुहू के सिल्वर बीच के पास ऊठी समुद्री लहरों के कारण सड़क को बंद कर दिया गया है क्योंकि लहरें तेज़ हवाएं चौपाटी की ओर से आ रही हैं। ऊंची लहरों और तेज हवा के झोंके ने चौपाटी से सटे एक गार्डन की बाउंड्री वॉल को तहस नहस कर दिया है और दीवार ढह चुकी है। इस एरिया में शिल्पा शेट्टी, श्रद्धा कपूर, सनी देओल और शक्ति कपूर जैसे सितारों के घर हैं।
लोकल ट्रेनें प्रभावित
शुक्रवार सुबह भारी बारिश के कारण मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं, लेकिन सभी लाइनों पर रेल यातायात चालू है। मध्य रेलवे ने बताया कि मेन लाइन की लोकल ट्रेनें 10-12 मिनट और हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें 7-8 मिनट की देरी से चल रही हैं। एहतियात और कम दृश्यता के कारण ट्रेनें धीमी गति से चल रही हैं। मुंबई पुलिस ने कहा है कि हमारे अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हैं और मुंबईवासियों की सहायता के लिए तैयार हैं। किसी भी आपात स्थिति में, कृपया 100/112/103 डायल कर सकते हैं।
जलभराव के कारण सड़कों पर ट्रैफिक धीमा हो गया है और अंधेरी सबवे को बंद करना पड़ा है। इसके अलावा दादर, कुर्ला और सायन जैसे इलाकों में घुटनों से ऊपर पानी रहा। आईएमडी ने मुंबई में अगले कुछ दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। अगले सप्ताह के बुधवार तक बारिश की गतिविधि तेज रहेंगी, जिसके चलते लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
समुद्र में उठेंगी ऊंची लहरें
स्काईमेट के हवाले से आईएमडी और बीएमसी ने 27 जुलाई तक समुद्र में हाई टाइड की चेतावनी दी है। इस दौरान मरीन ड्राइव, जुहू बीच समेत अन्य समुद्री इलाकों में लोगों को जाने से मना किया गया है। हाई टाइड के समय समुद्र की लहरें 4.5 मीटर (15 फीट) तक ऊंची हो सकती है। आज समंदर में दोपहर 12:40 को 4.64 मीटर का हाईटाइड का अलर्ट है।
मौसम विभाग ने मुंबई और ठाणे जिले के लिए वीकेंक पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा रायगढ़ जिले के लिए खराब मौसम का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना बनी रहेगी। अत्यधिक बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने और नदियों का जलस्तर भी बढ़ सकता है।
