Mumbai News: रंगों का पर्व होली 8 मार्च को देशभर में मनाया जाने वाला है। होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने कमर कस ली है। घर पर होली का पर्व मनाने के लिए प्रवासी लोग घर वापस लौट रहे हैं। ऐसे में लोगों ने ट्रेनों में रिजर्वेशन करवाना भी शुरू कर दिया है। इस समय ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं। अब यात्रियों को रेलवे की ओर से राहत देने वाली खबर आई है। रेलवे मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से गोरखपुर के बीच होली स्पेशल ट्रेन चलाने वाला है।
बता दें कि, एलटीटी-गोरखपुर( ट्रेन संख्या- 02598) पांच और बारह मार्च को एलटीटी से दोपहर 12:45 बजे रवाना होगी। दूसरे दिन ऐशबाग शाम 7:25 बजे, बादशाहनगर 7:47 बजे और तीसरे दिन गोरखपुर रात 12:30 बजे पहुंच जाएगी। उसी तरह गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस होली स्पेशल (ट्रेन संख्या-02597) तीन और दस मार्च को गोरखपुर से रात 8:55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन दूसरे दिन बादशाहनगर रात 1:43 बजे, ऐशबाग 2:20 बजे होते हुए तीसरे दिन लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुबह 7:25 बजे पहुंच जाएगी ।
