शहर

देश का सबसे साफ शहर में खूब गरजा बुलडोजर, 16 मकानों के अवैध हिस्सों को मिट्टी में मिलाया

Bulldozer Action: इंदौर में मास्टर प्लान सड़क निर्माण के लिए नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 मकानों के अवैध हिस्सों को हटाया। लक्ष्मीबाई प्रतिमा से जिंसी चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण के लिए जेसीबी और पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल किया गया।

Bulldozer Action: मध्य प्रदेश के इंदौर (Indore News) में गुरुवार को नगर निगम ने मास्टर प्लान सड़क निर्माण को लेकर बड़ी कार्रवाई की। लक्ष्मीबाई प्रतिमा से जिंसी चौराहे तक बनने वाली सड़क के रास्ते में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाने के लिए निगम की टीम सुबह से ही मौके पर पहुंच गई थी। इस दौरान 16 मकानों के अवैध हिस्सों को जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी तरह का विवाद या तनाव पैदा न हो।

निगम की तरफ से कुल 5 जेसीबी और 5 पोकलेन मशीनों का हुआ इस्तेमाल

नगर निगम के अधिकारियों के साथ पुलिस प्रशासन और रिमूवल विभाग की कई टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं। निगम की ओर से कुल 5 जेसीबी और 5 पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल किया गया। नगर निगम के रिमूवल अधिकारी अंकेश बैराथरिया (Ankesh Bairathariya) ने बताया कि इस क्षेत्र में कुल 78 मकानों को चिन्हित किया गया था। इनमें से कई लोगों ने निगम की नोटिस मिलने के बाद खुद ही अपने निर्माण का कुछ हिस्सा हटा लिया था। लेकिन 16 मकान मालिकों ने तय समय तक कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद निगम को बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी।

इस कारण हुई बुलडोजर कार्रवाई

नगर निगम के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण का यह काम शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। लक्ष्मीबाई प्रतिमा से जिंसी चौराहे तक का रास्ता काफी संकरा हो गया था, जिससे हर दिन ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ रही थी। अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने के बाद लोगों को आवाजाही में काफी राहत मिलेगी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों में हलचल जरूर दिखाई दी, लेकिन किसी तरह का बड़ा विरोध सामने नहीं आया।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव (Pushyamitra Bhargav) भी इस इलाके का दौरा कर चुके थे। उन्होंने लोगों से बातचीत कर स्वेच्छा से अवैध हिस्से हटाने की अपील की थी। नगर निगम ने साफ किया है कि शहर में मास्टर प्लान के तहत सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का काम आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था और शहर के विकास के लिए ऐसी कार्रवाई जरूरी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article