शहर

गौरक्षक संत 'फरसा वाले बाबा' की मौत, पुलिस ने बताया सड़क हादसा; समर्थकों ने किया हाईवे जाम

शनिवार सुबह से ही मथुरा के कोसीकलां और छाता इलाकों में तनाव की सस्थिति बनी हुई है। ब्रज के प्रसिद्ध गौरक्षक और संत चंद्रशेखर, जिन्हें इलाके में "फरसा वाले बाबा" के नाम से जाना जाता था, की सड़क हादसे में मौत के बाद उनके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी भी की, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

Image

फरसा वाले बाबा की फाइल फोटो (बाएं), हाईवे पर समर्थकों की भीड़ (दाएं)

Photo : Times Now Digital

Mathura News: मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ब्रज के जाने-माने गौरक्षक संत चंद्रशेखर, जिन्हें लोग 'फरसा वाले बाबा' भी कहते थे, की एक सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसको लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार तड़के करीब 4 बजे की है। बताया जा रहा है कि बाबा चंद्रशेखर अपनी बाइक से एक संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रहे थे, जिसमें कथित तौर पर गायों को तस्करी कर ले जाया जा रहा था। थाना कोसीकलां क्षेत्र के अंतर्गत नवीपुर गांव के पास जैसे ही बाबा का वाहन ट्रक के करीब पहुंचा तो एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई।

छाता में दिल्ली-आगरा हाईवे जाम

बाबा की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में गौरक्षक और स्थानीय ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने छाता इलाके में दिल्ली-आगरा हाईवे (NH-19) को पूरी तरह जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी ड्राइवर की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

mathura stone pelting

पत्थरबाजी में घायल पुलिसकर्मी और क्षतिग्रस्त गाड़ी

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भिड़ंत

वारदात के बाद गौरक्षक बाबा के शव को बरसाना स्थित उनकी गौशाला ले गए हैं। पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, लेकिन समर्थकों का गुस्सा और जाम के कारण प्रक्रिया में बाधा आ रही है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि तनाव और न बढ़े। इसी बीच बाबा के समर्थकों और तैनात पुलिस कर्मियों में भिड़ंत की भी खबर सामने आई है। समर्थकों ने पुलिस पर पथराव किया है।

क्या कह रही है पुलिस

मथुरा के SSP श्लोक कुमार के मुताबिक, आधी रात के वक्त फरसा बाबा गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे... सुबह 4:00 के आसपास फरसा बाबा ने जिस गाड़ी को रोक रखा था, उसका नंबर नागालैंड का था। घना कोहरा था लेकिन तभी एक राजस्थान नंबर का ट्रक आया और उसने फरसा बाबा को कुचल दिया। यह हत्या नहीं, बल्कि एक्सीडेंट है। ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया गया है । वह भी जख्मी है। SSP श्लोक कुमार का कहना है कि इसमें हर एंगल से जांच की जा रही है, जो भी लोग कानून तोड़ेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

मथुरा की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!