शहर

गाजियाबाद में फिर लगी आग! शालीमार गार्डन में अपार्टमेंट के टॉप फ्लोर पर धधक उठीं लपटें, मचा हड़कंप

शालीमार गार्डन स्थित एक सोसायटी में सोमवार शाम अचानक आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। ऊपरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते कई फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

Image

शालीमार गार्डन की सोसायटी में आग का तांडव

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Shalimar Garden Society Flat Fire: गाजियाबाद की सोसायटी में एक बार फिर भीषण आग का तांडव देखने को मिला है। शालीमार गार्डन में मौजूद दिशा अपार्टमेंट की बिल्डिंग नंबर 815 के ऊपरी मंजिल पर बने एक फ्लैट में अचानक आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते फैल गई। आग ने तीसरे और चौथे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के दूसरे फ्लैट भी प्रभावित हुए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

फ्लैट में लगभग 12 लोग फंसे हुए थे

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भीषण आग पर काबू पा लिया गया। बताया जा रहा है कि फ्लैट में लगभग 12 लोग फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की चपेट में आकर लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे चारों ओर घना धुआं फैल गया और सोसायटी में अफरातफरी मच गई। धुएं के कारण लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। आग ने पास के एक अन्य फ्लैट को भी नुकसान पहुंचाया।

गाजियाबाद में आग लगने की घटनाएं

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पिछले कुछ दिनों से आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले इंदिरापुरम में भीषण आग ने करीब 150 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया था। वहीं गौर ग्रीन सोसायटी में लगी आग से कई फ्लैट प्रभावित हुए, जिनमें से 6 फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गए और करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।

इसके अलावा शनिवार को शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से फाइबर शेड में आग लग गई, हालांकि समय रहते बड़ा हादसा टल गया। बीते सप्ताह पुराने चौपला बाजार में पूजा सामग्री की दुकान में आग लगने से भी लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया।

इसी दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने आग की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई और सराहनीय कार्य के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित फायर सेफ्टी विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विभाग लगातार आग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में बिजली उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें और आग से बचाव के सभी नियमों का पालन करें।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article