Indore Fire: इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र के कर्बला इलाके में सोमवार सुबह अचानक एक बड़े टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक नजर आने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।
तेजी से फैलने लगी आग
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। शुरुआत में चार दमकल वाहनों को लगाया गया, लेकिन गोदाम में बड़ी मात्रा में टेंट, कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने की वजह से आग तेजी से फैलने लगी।
फायर फाइटिंग रोबोट की लेनी पड़ी मदद
फायर अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए नगर निगम के आधुनिक फायर फाइटिंग रोबोट की भी सहायता ली गई। रोबोट के जरिए गोदाम के अंदर तक पानी पहुंचाकर आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की गई। इसके अलावा, दमकलकर्मियों को अंदर पहुंचने में आसानी हो सके, इसके लिए टीन शेड और लोहे के ढांचे हटाने हेतु जेसीबी और पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल किया गया।
कई घंटों तक लगातार चला रेस्क्यू और राहत कार्य
आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड और नगर निगम की टीमों ने संयुक्त रूप से 25 से ज्यादा पानी के टैंकरों का इस्तेमाल किया। कई घंटों तक लगातार चले रेस्क्यू और राहत कार्य के बाद आखिरकार आग को नियंत्रित कर लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
शुरुआती जांच में आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और फायर विभाग की टीमें विस्तृत जांच कर रही हैं।
