शहर

नोएडा में टला बड़ा हादसा, सेक्टर-88 में निजी कंपनी में लगी भीषण आग; दमकल टीम ने पाया काबू

नोएडा के सेक्टर-88 स्थित एक निजी कंपनी में देर रात भीषण आग लग गई। शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिकल पैनल से आग लगने की आशंका है। दमकल की 8 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

Image

सेक्टर-88 की निजी कंपनी में लगी भीषण आग

Photo : Times Now Digital

Noida Fire News: नोएडा के सेक्टर-88 में सोमवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जहां एक निजी कंपनी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कंपनी के ग्राउंड फ्लोर व फर्स्ट फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। घटना के समय कंपनी बंद थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगने की आशंका है। आग तेजी से फैलने के कारण पूरे परिसर में भयंकर धुआं भर गया, जिससे आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर विभाग की 8 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दमकल टीम ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया।

कंपनी बंद होने के कारण टला बड़ा हादसा

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि सोमवार रात करीब 11:15 पर सेक्टर-88 में बी ब्लॉक में स्थित एक कंपनी में भीषण आग लगने की सूचना मिली। जब दमकल टीम मौके पर पहुंची तो आग बिल्डिंग के दो फ्लोर में फैल चुकी थी। जिसके बाद तुरंत राहत कार्य शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया गया। घटना के समय कंपनी बंद थी, इसलिए अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस वजह से किसी भी तरह की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिकल पैनल से आग लगने की संभावना जताई गई है। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article