शहर

तमिलनाडु के कुड्डालोर में बस और 2 कारों में टक्कर; 9 लोगों की मौत; कई घायल

तमिलनाडु के कुड्डालोर में सरकारी बस की दो वाहनों से भिड़ंत की घटना में नौ लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, बस का टायर फटने के कारण डिवाइडर तोड़कर विपरीत लेन में चली गई और सामने से आ रहे वाहनों से टकरा गई।

Image

तमिलनाडु के कुड्डालोर में बस और 2 कारों में टक्कर; 9 लोगों की मौत; कई घायल

तमिलनाडु : कुड्डालोर ज़िले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तिरुचिराप्पल्ली से चेन्नई जा रही राज्य सरकार की बस का टायर फट गया, जिसके बाद बस डिवाइडर तोड़कर विपरीत लेन में चली गई और सामने से आ रहे दो वाहनों (एक एसयूवी और एक कार) से टकरा गई। पीटीआई के हवाले से इस हादसे में 9 लोगों के मौत की खबर है।

जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, चेन्नई से तिरुचिरापल्ली की ओर जा रही दो गाड़ियों (एक एसयूवी और एक कार) से बस की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों गाड़ियों में सवार कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिला पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि टायर फटने के कारण चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। प्रशासन ने घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य तेजी से चलाया और यातायात को कुछ समय के लिए डायवर्ट करना पड़ा।

हादसे में कुल नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में पांच पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को पास के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जन राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को तीन लाख रुपये और प्रत्येक घायल को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article