Mumbai-Ahmedabad Highway Accident: महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को सगाई समारोह में जा रहे मेहमानों से भरा एक टेम्पो मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक से टकरा गया जिसके कारण 13 लोगों की मौत हो गई जबकि 35 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसा दहानू तालुका के धानीवारी गांव के पास शाम करीब चार बजे हुआ जब 50 से अधिक यात्री एक आइशर टेम्पो में सवार होकर बापूगांव खड़कीपाड़ा गांव के निवासी बालाराम जयराम दांडेकर नामक व्यक्ति के सगाई समारोह में जा रहे थे।
13 लोगों की मौत
कासा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अमर पाटिल ने कहा, "भीषण हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई और 35 अन्य घायल हुए हैं। घायलों को कासा उप जिला अस्पताल और आसपास के अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।" पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो व कंटेनर दोनों पलट गए और कई यात्री वाहनों के नीचे फंस गए। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला है कि टेम्पो में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और तेज रफ्तार, सड़क का संकरा हिस्सा और टेम्पो चालक द्वारा वाहन पर से नियंत्रण खो देना हादसे के मुख्य कारण माने जा रहे हैं।
राजमार्ग पर अफरातफरी का माहौल
पुलिस ने बताया कि पांच यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि छह अन्य ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, लिहाजा मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। हादसे के बाद व्यस्त राजमार्ग पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासी, पुलिसकर्मी और बचाव दल मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता
वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मृतकों के प्रति शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच लाख रुपये का मुआवजा देगी। उन्होंने बताया कि घायलों को कासा स्थित उप-जिला अस्पताल और धुंडलवाड़ी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फडणवीस ने बताया कि वह जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में रहे और पुलिस अधीक्षक भी दुर्घटनास्थल पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर बचाव अभियान पूरा हो चुका है।
