Maharashtra Train Smoke: कोल्हापुर से मुंबई जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में कर्जत के पास ट्रेन की एक बोगी से अचानक धुआं निकलने लगा। इस घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, रेलवे प्रशासन की मुस्तैदी से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।
जांच के बाद ट्रेन को रवाना किया गया (सांकेतिक चित्र)
मंकी हिल सेक्शन में हुई घटना
सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मुंबई से लगभग 90 किलोमीटर दूर कर्जत के मंकी हिल सेक्शन में सुबह घटी। डिब्बे से अचानक धुआं निकलते देख यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना ट्रेन स्टाफ और रेलवे अधिकारियों को दी। कर्जत जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किरण मटकर ने पुष्टि करते हुए बताया, इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। प्राथमिक जांच के अनुसार, धुआं उठने का कारण संभवतः शॉर्ट सर्किट हो सकता है।
जांच के बाद रवाना हुई ट्रेन
रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीम ने तुरंत प्रभावित डिब्बे की जांच की और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए। ट्रेन को सुबह लगभग 5:30 बजे कर्जत स्टेशन से गुजरना था, लेकिन इस तकनीकी गड़बड़ी और डिब्बे की जांच के कारण वह कुछ देर के लिए रुकी रही। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद सुबह करीब 6:15 बजे महालक्ष्मी एक्सप्रेस को मुंबई की ओर आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।
मुंबई गुजरात रेल कॉरिडोर पर प्रभावित हुई ट्रेनें
दूसरी ओर रेल कॉरिडोर पर मुंबई-गुजरात रेल कॉरिडोर पर मंगलवार सुबह रेल यातायात प्रभावित हो गई। भिलाड स्टेशन पर प्रवेश करते समय विरार–भरूच मेमू (ट्रेन संख्या 19101) के आगे की मोटर कोच के चार पहिए पटरी से उतर गए। घटना सुबह 6:27 बजे हुई। रेलवे के अनुसार, हादसे में कोई यात्री या कर्मचारी घायल नहीं हुआ। राहत एवं बहाली कार्य के लिए ART और ARME टीमों को मौके पर भेजा गया।
