शहर

Mumbai Fire: बांद्रा में आधी रात को बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

Mumbai Fire: मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित हिल रोड पर एक इमारत में शुक्रवार देर राच भीषण आग लग गई। दमकल विभाग की 4 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

Image

घटनास्थल पर मौजूद दमकल की गाड़ियां

Photo : ANI

Mumbai Fire News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा वेस्ट से आगजनी की एक बड़ी खबर आई। बांद्रा के प्रसिद्ध हिल रोड पर स्थित एक व्यावसायिक-सह-आवासीय इमारत में शुक्रवार-शनिवार की देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की यह घटना इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित 'नेचर्स बास्केट' स्टोर के गोदाम में हुई। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

तड़के 12:30 बजे आया फायर ब्रिगेड को कॉल

असिस्टेंट डिविजनल फायर ऑफिसर (ADFO) एस के बांडगर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि फायर कंट्रोल रूम को शनिवार तड़के करीब 12:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) की चार फायर टेंडर तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।

ऑक्सीजन मास्क पहनकर घुसे दमकलकर्मी

फायर अधिकारियों के मुताबिक, जब दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं, तो उन्होंने पाया कि आग ग्राउंड फ्लोर के नीचे बने बेसमेंट के स्टोर रूम (गोदाम) में धधक रही थी। आग बेसमेंट में होने के कारण पूरी बिल्डिंग में तेजी से दमघोंटू धुआं जमा हो गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने ब्रीदिंग अपैरेटस (ऑक्सीजन मास्क और सिलेंडर सेट) पहनकर बेसमेंट में प्रवेश किया। दमकल की टीमों ने होज लाइन का इस्तेमाल कर चारों तरफ से पानी की बौछारें कीं और आग को आगे फैलने से रोकते हुए पूरी तरह काबू पा लिया।

कोई हताहत नहीं, जांच जारी

राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना में किसी भी नागरिक या दमकलकर्मी के हताहत होने या जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। हालांकि, दुकान में रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया है। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस अब आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है। एहतियात के तौर पर इमारत के प्रभावित हिस्से को अभी खाली रखा गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article