Bahraich Wild Animal Attack: बहराइच जिले के परागपुरवा गांव में एक दुखद घटना घटी, जहां एक जंगली जानवर ने घर के आंगन से चार वर्षीय बच्ची को कथित तौर पर उठा लिया। बुधवार सुबह उसका क्षत-विक्षत शव गांव से थोड़ी दूरी पर गन्ने के खेत में बरामद हुआ। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों का मानना है कि यह हमला भेड़िए का हो सकता है।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) डॉ. राम सिंह यादव ने बताया कि मंगलवार रात कैसरगंज थाना क्षेत्र के परागपुरवा गांव में रामजीत के झोपड़ीनुमा घर के आंगन में परिवार के तीन बच्चे भोजन कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात जानवर ने उनकी चार वर्षीय बेटी ज्योति को उठा लिया। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ड्रोन की मदद से बच्ची की खोज शुरू की गई।
भेड़िया के होने की आशंका
डीएफओ से मिली जानकारी के मुताबिक, रात भर खोज के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन बुधवार सुबह गन्ने के खेत से उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। डीएफओ ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और फोरेंसिक टीम ने आवश्यक नमूने भी एकत्र किए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हमलावर जानवर की पहचान अभी नहीं हो सकी है और यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। डीएफओ ने कहा, “गांव में मानव और जंगली जानवर के बीच यह पहली टकराव वाली घटना है। इससे पहले कभी ऐसी घटना सामने नहीं आई।” गांव के एक बुजुर्ग ने भी बताया कि पिछले 25-30 सालों में इस तरह की घटना नहीं हुई। कई ग्रामीणों का मानना है कि बच्ची को उठाने वाला जानवर भेड़िया था।
(इनपुट - भाषा)
