Who Was Anil Dujana: ग्रेटर नोएडा के रहने वाले कुख्यात बदमाश अनिल दुजाना आज मेरठ में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। यूपी एसटीएफ ने मुठभेड़ में इस दुर्दांत अपराधी को ढेर कर दिया। अनिल दुजाना 2021 में जमानत पर जेल से बाहर आया था और फरार चल रहा था। दुजाना के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी के कई मामले दर्ज थे। कौन था अनिल दुजाना आपको बता रहे हैं।
60 से अधिक मामले दर्ज
अनिल दुजाना गौतमबुद्ध नगर के बादलपुर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर था। वह बादलपुर के दुजाना गांव में रहता था। उसके खिलाफ कई थानों में रंगदारी, लूट, हत्या और अपहरण के 60 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उसके जेल से बाहर आते ही गवाहों में डर का माहौल था।
दुजाना को खेड़ा धर्मपुरा गांव के प्रधान जयचंद्र की हत्या करने में आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह 2012 से जेल में था। लेकिन उसे 2021 में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया और अदालत में पेशी पर आना बंद कर दिया था। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
अनिल दुजाना पर 18 मर्डर समेत रंगदारी, लूटपाट, जमीन पर कब्जा, कब्जा छुड़वाना और आर्म्स एक्ट समेत 62 केस दर्ज थे। उस पर रासुका और गैंगस्टर एक्ट भी लग चुका था। बुलंदशहर पुलिस ने 25 हजार और नोएडा पुलिस ने 50 हजार का इनाम रखा था। पुराने मामलों में अदालत में पेश नहीं होने पर उसके खिलाफ गैरजमानती वॉरंट जारी किया गया था।
यूपी के टॉप बदमाशों में शामिल था अनिल दुजाना
अनिल दुजाना उत्तर प्रदेश के टॉप बदमाशों में शामिल था। कुछ दिनों पहले यूपी सीएमओ ऑफिस से टॉप 65 माफिया की लिस्ट से जारी की गई थी जिसमें अनिल दुजाना का नाम भी शामिल था। इसमें पुलिस ने बताया था कि गौतमबुद्ध नगर में 7 कुख्यात बदमाश हैं। इनमें से इस समय 6 जेल में बंद है और अनिल दुजाना फरार चल रहा है।
दिल्ली पुलिस ने किया था गिरफ्तार
दुजाना के खिलाफ नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में लूट, हत्या, डकैती और रंगदारी के मामले दर्ज थे। दिल्ली और यूपी की पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। बीते साल दिल्ली पुलिस ने दुजाना और उसके दो साथियों को गिरफ्तार भी किया था। साल 2011 में उसके गैंग ने साहिबाबाद में एक शादी समारोह में शूट आउट किया था, जिसमें तीन लोग मारे गए थे। अनिल दुजाना को बकरीब डेढ़ साल पहले दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने भी दिल्ली से गिरफ्तार किया था। उस वक्त वह वांटेड था।
सुंदर भाटी गैंग से थी दुश्मनी
दुजाना की कुख्यात माफिया सुंदर भाटी और उसके गैंग से रंजिश चल रही थी। दोनों की दुश्मनी में कई हत्याएं हो चुकी हैं। दुजाना बेहद दुस्साहसी था। साल 2012 में दुजाना और उसके गैंग ने सुंदर भाटी और उसके करीबियों पर एके-47 राइफल से हमला किया था। दोनों गैंग सरकारी ठेकों, सरिया की चोरी और टोल के ठेकों को लेकर भिड़ते रहते थे। दुजाना को सुंदर भाटी से जान का खतरा था। यही वजह थी कि पुलिस दुजाना को बुलेटप्रूफ जैकेट में पेशी पर कोर्ट लेकर जाती थी।
दुजाना नरेश भाटी गैंगस्टर का करीबी शूटर था। नरेश भाटी की हत्या सुंदर भाटी ने करवाई थी। इसी के बाद अनिल दुजाना ने सुंदर भाटी पर हमला किया था। नरेश भाटी गैंग की कमान फिलहाल अनिल दुजाना ही संभाल रहा था।
