लखनऊ

Indian Railway: लखनऊ का उतरेटिया स्टेशन होगा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस, लगेंगी ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 21, 2023, 03:50 PM IST

Utraitia Railway Station: लखनऊ का उतरेटिया रेलवे स्टेशन भी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उतरेटिया स्टेशन पर नई लाइन बिछेंगी, वाटर वेंडिंग मशीनें और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। 45 करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च पहले चरण में होगा। चारबाग स्टेशन पर यात्रियों और गाड़ियों का लोड कम करने के लिए यह कार्य कराए जाएंगे।

Image

लखनऊ मंडल का उतरेटिया रेलवे स्टेशन भी होगा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस

KEY HIGHLIGHTS
  • उतरेटिया रेलवे स्टेशन भी होगा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस
  • नई लाइन बिछेंगी और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें लगेंगी
  • 45 करोड़ रुपये से बदलेगी रेलवे स्टेशन की सूरत

Indian Railway: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आलमनगर रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन बनाने का काम चल रहा है। इस स्टेशन का काम पूरा होने के बाद उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल उतरेटिया रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करेगा। इससे जहां चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों का दवाब कम होगा, वहीं इस रूट पर गाड़ियों का संचालन भी बेहतर हो सकेगा। उतरेटिया रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक बनाने के लिए खाका तैयार किया गया है। रेलवे स्टेशन पर नई लाइन बिछाई जाएंगी।

इसके अलावा, वाटर वेंडिंग मशीनें, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें और एसी लाउंज आदि यात्री सुविधाओं के काम कराए जाएंगे। इसके लिए 45 करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च पहले चरण में किया जाएगा।

आलमनगर स्टेशन को सैटेलाइट बनाने का काम आखिरी चरण में

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुरेश कुमार सपरा के अनुसार, आलमनगर रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन बनाने का कार्य आखिरी चरण में है। यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर विकास कार्य कराए गए हैं। इसके बाद उतरेटिया रेलवे स्टेशन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, ताकि चारबाग स्टेशन पर यात्रियों और गाड़ियों का लोड कम किया जा सके। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के आलमनगर रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के तौर पर विकसित करने की योजना बनाई। तकरीबन 90 करोड़ रुपये से स्टेशन पर नए प्लेटफार्म, फुटओवर ब्रिज, नई रेलवे लाइन, सर्कुलेटिंग क्षेत्र, पार्किंग, नई स्टेशन बिल्डिंग, लाउंज समेत तमाम सुविधाओं पर काम शुरू किया गया।

उतरेटिया स्टेशन पर जमीन की दिक्कत नहीं

गत 15 जनवरी को स्टेशन को तैयार करने का समय था, लेकिन अंतिम तारीख तक कुछ निर्माण कार्य बाकी रह गया है, जो फरवरी महीने तक पूरा होने की उम्मीद है। सैटेलाइट स्टेशन बनने के बाद आठ मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी आलमनगर स्टेशन पर होगा। इससे चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का दवाब और यात्रियों की संख्या नियंत्रित की जा सकेगी। आलमनगर रेलवे स्टेशन की तुलना में उतरेटिया स्टेशन पर जमीन की दिक्कत नहीं है। यहां पर गुड्स शेड बनाने में आसानी होगी। साथ ही वाशिंग पिट समेत नई स्टेशन बिल्डिंग भी आसानी से बनाई जा सकती है। इतना ही नहीं टिकटिंग, सेकेंड एंट्री, डॉरमेट्री का खाका भी खिंच सकेगा। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के चारबाग रेलवे स्टेशन पर रोजाना 170 के करीब ट्रेनों की आवाजाही है, एक लाख से ज्यादा यात्री सफर भी करते हैं। चारबाग के आसपास के स्टेशनों को विकसित कर यहां दवाब कम करने के लिए काम कराए जा रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article