लखनऊ

UP News: घोसी विधानसभा से सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन, पार्टी में शोक की लहर

UP News: यूपी के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से सपा के विधायक सुधाकर सिंह का आज निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से समाजवादी पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है।

Image

घोसी विधानसभा से सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन

UP News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का आज सुबह निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर थे। बताया जा रहा है कि लंबे समय से ही सुधाकर सिंह लीवर और किडनी संबंधी समस्या से जूझ रहे थे। उनके निधन के बाद समाजवादी पार्टी में शोक का माहौल है।

स्वास्थ्य में गंभीर गिरावट के बाद अस्पताल में किया गया भर्ती

सुधाकर सिंह के बेटे सुजीत सिंह के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। 17 नवंबर को मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के रिसेप्शन में लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब ज्यादा खराब हो गई। स्वास्थ्य में आई गंभीर गिरावट के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए मंगलवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे थे। लेकिन आज यानी गुरुवार, 20 नवंबर को उनका निधन हो गया।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सुधाकर सिंह के निधन पर दुख प्रकट करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा "घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुःखद ! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि !"

उपचुनाव में हासिल की बड़ी जीत

बता दें कि सुधाकर सिंह अपनी हाजिर जवाबी और बेबाकी के लिए जाने जाते थे। 2023 के उपचुनाव में घोसी विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने के बाद वह चर्चा में काफी रहे। बता दें कि 2022 में घोसी सीट पर सपा ने दारा सिंह चौहान को चुनावी मैदान में उतारा था और उन्होंने जीत भी हासिल की थी, लेकिन 2023 में उन्होंने इस्तीफा दे दिया। उसके बाद दारा सिंह ने पार्टी बदली और वह बीजेपी में चले गए। 2023 में हुए उपचुनाव में सपा की तरफ से सुधाकर सिंह चुनावी मैदान में उतरे और जीत का झंडा लहराया।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article