Lucknow Foot Overbridge: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सदर बाजार से माल एवेन्यू और पुराना किला की तरफ पैदल जाने वाले लोगों को अब और परेशानी उठानी नहीं पड़ेगी। सदर सब्जी मंडी के पास रेलवे फुट ओवरब्रिज का निर्माण करा रहा है। इसके बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके निर्माण से रोजाना करीब 10 हजार लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे दो माह में फुट ओवरब्रिज को बनाने के बाद शुरू कर देगा। इसके अलावा भारतीय रेलवे चारबाग से लेकर दिलकुशा तक दो लाइन को चार लाइन में तब्दील कर रहा है। ताकि चारबाग से दिलकुशा के बीच रेल गाड़ियों का तेज गति से संचालन और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर हो सके।
दरअसल, स्थानीय लोग लंबे समय से इस जगह पर अंडरपास बनाने की मांग कर रहे थे। रेल लाइन के बगल माल एवेन्यू की तरफ रक्षा संपदा और सदर सब्जी मंडी की तरफ छावनी परिषद की जमीन आती है। दोनों विभागों के साथ रेलवे के अधिकारियों ने यहां का सर्वेक्षण किया था।
अपनी जमीन पर ही पैदल पुल बनावा रहा रेलवे
सर्वेक्षण के बाद जब प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ा तो रेलवे ने ही अपनी जमीन पर पैदल पुल बनाने का फैसला लिया। डीआरएम एसके सपरा के निर्देश पर पैदल पुल बनाने का कार्य शुरू हो गया। जल्द ही इसका निर्माण भी पूरा हो जाएगा। अगले दो माह में फुटओवर ब्रिज आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। उधर, चारबाग स्टेशन पर एयरपोर्ट की तर्ज पर इंटीग्रेटेड पार्किंग का काम चल रहा है। यहां पर्ची काटने वाले बूम बैरियर लगेंगे। पार्किंग तैयार होने के बाद शुरुआती 10 मिनट तक मुफ्त पार्किंग होगी। 10 मिनट के बाद शुल्क लगेगा।
10 मिनट तक फ्री, उसके बाद लगेगा चार्ज
आपको बता दें कि चारबाग स्टेशन की पार्किंग को उत्कृष्ट बनाने के लिए इंटीग्रेटेड सिस्टम विकसित हो रहा है। इसमें स्टेशन पर एंट्री करते समय बूम बैरियर से इलेक्टॉनिक पर्ची मिलेगी। इसके बाद 10 मिनट तक यात्रियों के लिए पार्किंग फ्री रहेगी, 10 मिनट के बाद चार्ज लगेगा। इससे रेलवे को सालाना करीब तीन करोड़ रुपये के राजस्व की आमदनी के आसार हैं। फिलहाल स्टेशन पर दोपहिया वाहनों के लिए आरक्षण केंद्र के नीचे और बगल में पार्किंग की व्यवस्था है। प्रीमियम कार पार्किंग और सरकुलेटिंग क्षेत्र की पार्किंग भी है। हालांकि, कई बार पार्किंग फुल होने के कारण यात्रियों को छोड़ने आने वालों को परेशानी होती हैं।
