PM Awas Yojana: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब लोगों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास नहीं पाने वाले गरीबों को फिर से चिन्हित करने के लिए सर्वे किया जाएगा। ग्राम्य विकास आयुक्त जीएस प्रियदर्शी ने इस सर्वे के लिए भारत सरकार को पत्र भेजने के लिए शासन को खत लिखा है। भारत सरकार की तरफ से तय की जाने वाली गाइडलाइन के अनुसार, यह सर्वे किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 26.15 लाख पीएम आवास गांवों में बन चुके हैं। यूपी में अब तक पीएम आवास (ग्रामीण) के तहत 26 लाख 15 हजार पात्र परिवारों को आवास मिल भी गए हैं।
वहीं, 8.63 लाख नए आवास स्वीकृत किए गए हैं, इन्हें पात्रों को आवंटित करते हुए बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अगले छह महीने में इन आवासों के बन जाने पर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले आवास विहिन 34.78 लाख परिवारों के पास घर होंगे। स्वीकृत आवासों के बनने के बाद करीब तीन लाख पात्र परिवार ही आवास पाने के हकदार रहेंगे। इन्हें अगले नए वित्तीय वर्ष में आवास दे दिया जाएगा।
