Lucknow Weather Update: नए साल की शुरुआत से उत्तर प्रदेश में कोहरे का असर देखा जा रहा। साल की शुरुआत भी कोहरे से हुई। आसमान पर पूरे दिन धुंध छाई रही। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे की वजह से ट्रेन और बस काफी देरी से चल रही है। हालांकि शहरी इलाके में कोहरा कम है। लेकिन हाईवे पर घने कोहरे ने ट्रैफिक रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। यूपी की राजधानी लखनऊ में जनवरी के पहले हफ्ते में ही गलन भरी ठंड के तेवर और तीखे होते जा रहे हैं। लगातार ठंड में इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में पांच जनवरी तक शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी कर दी है। यूपी के कुछ जिलों को ऑरेंज और कुछ को येलो अलर्ट पर रखा है। रविवार को भी दिन और रात के तापमान में कम अंतर दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, लखनऊ में दो-तीन दिन में तेज और शुष्क हवाएं सर्दी के तेवर को और तीखा कर सकती हैं। आने वाले समय में लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
