Lucknow Airport Runway: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट के रनवे विस्तार का रास्ता दस साल के लंबे इंतजार के बाद साफ हो गया है। रनवे की लंबाई 500 मीटर बढ़ाई जाएगी। इसके लिए रनवे की दोनों तरफ 150-150 मीटर जगह खाली करवाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। एयरपोर्ट को पर्यावरण क्लीयरेंस पहले ही मिल गई है। रनवे की लंबाई बढ़ने के बाद लखनऊ से यूरोप और अमेरिका की फ्लाइटें भी शुरू की जा सकेंगी। लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमानों और यात्रियों की संख्या लगातार इजाफा हो रहा है। नए टर्मिनल टी-थ्री का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही रनवे विस्तार का रास्ता साफ होने से एयरपोर्ट का कद और बढ़ जाएगा। गौरतलब है कि हवाईअड्डे पर अभी सिर्फ एक रनवे है, जिसकी 2,744 मीटर लंबाई है।
पहले रनवे की लंबाई 800 मीटर बढ़ाने का प्रस्ताव बनाया गया था, लेकिन जमीन की कमी के चलते इसे कम करके 500 मीटर कर दिया गया। हालांकि, इसके लिए भी एयरपोर्ट प्रशासन और नागरिक उड्डयन विभाग में फाइलों का दौर चलता रहा। इसी बीच हवाईअड्डे की कमान निजी हाथों में चली गई। इसके बाद सबसे पहले रनवे विस्तार के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने पर्यावरण क्लीयरेंस लिया। फिर विस्तार का खाका तैयार कर किया गया।
