Vande Bharat Trains: उत्तर प्रदेश में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। देश की सबसे तेज रफ्तार से दौड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन का तोहफा लखनऊ के लोगों को मिला है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के हिस्से में एक जोड़ी वंदे भारत ट्रेनें आई हैं। इन ट्रेनों को लखनऊ से चलाने की तैयारी की जा रही है। इस साल 25 मार्च तक लखनऊ से इन दोनों ट्रेनों का संचालन हो सकता है। चिन्हित रूटों पर बिजली से लेकर अन्य संसाधन तैयार किए जा रहे हैं। ये ट्रेनें 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती हुई नजर आएंगी। इससे यात्रियों का सफर कम समय में पूरा होगा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम एसके सपरा ने बताया कि रेलवे बोर्ड से दो वंदे भारत चलाने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिली है। पहली ट्रेनें लखनऊ से नई दिल्ली वाया कानपुर और दूसरी लखनऊ से प्रयागराज के बीच संचालन करने की तैयारी है। बोर्ड ने उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे से ट्रेन के टाइम टेबल और इसके संचालन की संभावनाओं का प्रस्ताव मांगा है।
