लखनऊ

मथुरा श्री कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद में हाईकोर्ट में आज जरूरी सुनवाई, फैसले के लिए अहम हो सकता है दिन

मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में आज शुक्रवार को सुनवाई होगी। हिंदू पक्ष मंदिर पुनर्निर्माण की मांग कर रहा है, जबकि मुस्लिम पक्ष मस्जिद की वैधता पर जोर दे रहा है। कोर्ट प्रमुख कानूनी बिंदु तय कर सकता है, जिससे निपटारा आसान हो सके।

Image

मामले के निपटारे के लिए जरूरी हो सकती है सुनवाई (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Mathura Janmbhoomi High Court Hearing: मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद से जुड़ा मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। इलाहाबाद हाईकोर्ट में आज शुक्रवार दोपहर 2 बजे इस मामले की सुनवाई होगी। यह मामला धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से संवेदनशील है। हिंदू पक्ष मंदिर के पुनर्निर्माण और जमीन पर अपने अधिकार की मांग कर रहा है, जबकि मुस्लिम पक्ष मस्जिद के ऐतिहासिक महत्व को बनाए रखने की बात कहता है।

निपटारे के लिए अहम हो सकता है दिन

समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक जस्टिस राम मनोहर नारायण मिश्रा की एकल पीठ इस मामले को देख रही है। माना जा रहा है कि कोर्ट शुक्रवार को केस के प्रमुख बिंदुओं को तय कर सकता है, जो इस विवाद के निपटारे में महत्वपूर्ण कदम होगा। यह विवाद श्री कृष्ण जन्मभूमि और उसके नजदीक स्थित शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा है। हिंदू पक्ष का दावा है कि मस्जिद उस स्थान पर बनी है जो भगवान कृष्ण की जन्मस्थली है।

क्या है मामला

हिंदू पक्ष का दावा है कि शाही ईदगाह मस्जिद का निर्माण 17वीं सदी में औरंगजेब के शासनकाल में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर बने प्राचीन केशवदेव मंदिर को तोड़कर किया गया था। उनका कहना है कि यह स्थल भगवान कृष्ण का जन्मस्थान है।

वहीं, दूसरी ओर मुस्लिम पक्ष मस्जिद की ऐतिहासिक और कानूनी वैधता का दावा करता है। इस विवाद में मंदिर की जमीन पर स्वामित्व, पूजा का अधिकार और स्थल की पुरातात्विक जांच जैसे मुद्दे शामिल हैं। वर्तमान में इलाहाबाद हाईकोर्ट में 18 से अधिक याचिकाएं लंबित हैं, जिनमें दोनों पक्ष अपने-अपने दावे पेश कर रहे हैं।

2023 से चल रही है सुनवाई

इन याचिकाओं पर हाईकोर्ट में अक्टूबर 2023 से सुनवाई चल रही है। हाईकोर्ट इस मामले की सुनवाई अयोध्या राम जन्मभूमि विवाद की तर्ज पर सीधे कर रहा है। कोर्ट ने पहले ही कई याचिकाओं को एक साथ जोड़कर सुनवाई शुरू की है, ताकि मामले को जल्दी सुलझाया जा सके। शुक्रवार की सुनवाई में कोर्ट द्वारा वाद के बिंदु तय किए जाने की संभावना है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि मामले में किन-किन कानूनी पहलुओं पर विचार किया जाएगा।

(इनपुट-आईएएनएस)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article