Gorakhpur News: गोरखनाथ मंदिर में इस बार दशहरे का पर्व परंपरा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 22 सितंबर को कलश स्थापना के साथ शुरू हुए उत्सव में मंदिर परिसर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस दौरान विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने बुधवार को कन्या पूजन किया। गुरुवार को वे श्रीनाथजी का पूजन और विजयादशमी शोभायात्रा का नेतृत्व करेंगे।
गोरखनाथ मंदिर में विजयदशमी का आयोजन
गोरखनाथ मंदिर में 2 अक्टूबर को विजयादशमी का भव्य आयोजन होगा। जिसमें सीएम योगी गुरुवार सुबह सबसे पहले श्रीनाथजी का विशेष पूजन करेंगे। दोपहर में तिलकोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसके बाद शाम को 4 बजे पारंपरिक तरीके से विजयादशमी शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसका नेतृत्व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ खुद करने वाले हैं।
रामलीला मैदान में होगा श्रीराम का राजतिलक
यह शोभायात्रा मंदिर से निकलकर रामलीला मैदान तक पहुंचेगी, जहां भगवान राम का राजतिलक किया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर में दरिद्रनारायण भोज का भी आयोजन किया जाएगा, इसके साथ ही इस धार्मिक उत्सव का समापन हो जाएगा। गोरखनाथ मंदिर का दशहरा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि इसे गोरखपुर की सांस्कृतिक धरोहर भी माना जाता है। इस दौरान हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर परंपराओं के साक्षी बनते हैं।
