UP News: उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिला कारागार में मंगलवार को एक बड़ी घटना सामने आई। समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार में मंत्री रह चुके गायत्री प्रसाद प्रजापति पर जेल के अंदर एक कैदी ने हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर में चोटें आई हैं। गौरतलब है कि गायत्री प्रजापति वर्तमान में दुष्कर्म सहित कई गंभीर मामलों में न्यायिक हिरासत में लखनऊ जेल में बंद हैं।
अस्पताल में भर्ती प्रजापति (स्क्रीनग्रैब: ANI)
पत्नी-बेटी की योगी से गुहार
गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी देवी ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाते हुए कहा, “हम चाहते हैं कि मुख्यमंत्री हमें वक्त दें। हमारे पति की जान को खतरा है।” उन्होंने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की गंभीर जांच की मांग की है।
उनकी बेटी अंकिता प्रजापति ने भी योगी से गुहार लगाई है, "उनकी तबियत अभी ठीक नहीं है। वे इमरजेंसी में हैं और मेरे पिता के साथ बहुत अन्याय हुआ है। निर्दोष होने के बावजूद, वे साढ़े आठ साल से जेल में हैं और उन पर जान से मारने की नीयत से हमला किया जा रहा है। वे बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं। मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करती हूँ कि वे हमें बुलाएं, हमसे मिलें और हमारी बात सुनें। मैं न्यायपालिका से न्याय की उम्मीद और मांग करती हूं, कम से कम, उन्हें आंखें तो नहीं मूंदनी चाहिए। मेरे पिता निर्दोष हैं। वह महिला इतने लंबे समय से कह रही है कि उसके साथ कुछ भी गलत नहीं हुआ है। कोई उसकी बात नहीं सुन रहा है... हमारे पिता आतंकवादी नहीं हैं। उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है, और मैं बस मुख्यमंत्री से कहना चाहती हूं कि हमें न्याय दिलाएं; यही मेरी एकमात्र उम्मीद है। हालात बहुत खराब हैं। हम अभी नहीं मिल सकते। डॉक्टर वहां हैं। कोई हमें कुछ नहीं बता रहा है। उनकी हालत बहुत गंभीर है।"
कैसे हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, जेल अस्पताल में सफाई का काम करने वाले कैदी विश्वास के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसी दौरान कैदी ने अलमारी के स्लाइडिंग हिस्से से प्रजापति पर हमला कर दिया। हालांकि, जेल अधिकारियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि उनकी स्थिति अब स्थिर है।
अधिकारियों का बयान
जेल प्रशासन ने बताया कि हाथापाई के बाद घायल प्रजापति को तुरंत चिकित्सा सुविधा दी गई और अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है।
अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर घटना की न्यायिक जांच की मांग की।
उन्होंने लिखा “पूर्व विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर जेल में हुए जानलेवा हमले की निष्पक्ष न्यायिक जांच होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में कहीं भी कोई सुरक्षित नहीं है।”
