लखनऊ

बढ़ता जा रहा उत्तर प्रदेश में बाढ़ का खतरा, 1476 गांव प्रभावित; उफान पर है रामगंगा, राफ्ती और घाघरा

उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद कई नदियां उफान पर है, जिसके कारण 22 जिलें बाढ़ की चपेट में हैं। साथ ही बाढ़ के कारण कई लोगों की मौत भी हो चुकी है।

Image

उत्तर प्रदेश के दर्जनों जिले बाढ़ की चपेट में

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • उत्तर प्रदेश में करीब 1500 गांव बाढ़ से प्रभावित
  • 22 जिले बाढ़ की चपेट में
  • रामगंगा, कुन्हरा, राप्ती, घाघरा, बूढ़ी राप्ती उफान पर

उत्तर प्रदेश में बाढ़ का कहर बढ़ता ही जा रही है। रविवार को और 5 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए। उत्तर प्रदेश में बहने वाली कई नदियां उफान पर है। हजारों लोग घर छोड़कर शिविर में रहने को मजबूर हैं। खेती बाढ़ के पानी से बर्बाद हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 5 लोगों की मौत भी हो गई है।

यूपी के 22 जिले बाढ़ प्रभावित

उत्तर प्रदेश में कई नदियों के उफान के चलते 22 जिलों के करीब 1500 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं तथा पिछले 24 घंटे के दौरान प्राकृतिक आपदाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के 22 जिलों-- लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, कुशीनगर, शाहजहांपुर, बाराबंकी, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलिया, गोरखपुर, बरेली, आजमगढ़, हरदोई, अयोध्या, बहराइच, बदायूं, फर्रुखाबाद, बस्ती, देवरिया, उन्नाव, पीलीभीत और श्रावस्ती के 1476 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं।

कौन-कौन सी नदियां उफान पर

राज्य के राहत आयुक्त जी एस नवीन कुमार ने रविवार को बताया कि रामगंगा, कुन्हरा, राप्ती, घाघरा, बूढ़ी राप्ती, रोहिन एवं क्वानो नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटे में राज्य में 6.3 मिलीमीटर वर्षा हुई है तथा एक जून से 14 जुलाई तक 239.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। राहत आयुक्त ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में बाढ़ के पानी में डूबने से चार लोगों तथा सांप के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी।

राहत और बचाव कार्य जारी

कुमार ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की टीम तैनात की गई हैं। उनके अनुसार राज्य में अब तक 1829 बाढ़ राहत शिविर, 1476 बाढ़ चौकियां और 1145 मेडिकल टीम गठित/स्थापित की गई हैं। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 13026 व्यक्तियों को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article