अलविदा 'माह-ए-रमजान'
शुक्रवार को चांद के नजर आते ही लोगों के बीच ईद की मिठास घुली रही और लखनऊ में रोजेदारों ने इसी के साथ अलविदा की नमाज अदा की। बता दें कि शुक्रवार को रमजान के मुकद्दस महीने के 29 रोजे पूरे हुए और शाम होते ही लोग छतों पर चांद का दीदार करने के लिए पहुंच गए थे। काफी देर के बाद आसमान को बेसब्री से देख रहे लोगों का इंतजार खत्म हुआ और चांद का दीदार हुआ।
यहां भी हुए चांद के दीदार
जहां एक ओर सऊदी अरब, यूएई, कतर सहित खाड़ी देशों में आज ईद मनाई गई वहीं, भारत में आज ईद मनाए जाने की बात कही गई थी।। लखनऊ के साथ हैदराबाद, रांची, गुवाहटी समेत कई अन्य राज्यों में भी चांद दिखा। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक रमजान का महीना पूरा होते ही अब शव्वाल महीने के प्रथम दिन ईद का त्योहार मनाया जाएगा। सऊदी अरब में जहां 29 दिनों के रमजान के बाद शुक्रवार (20 अप्रैल) को ईद मनाई गई तो वहीं भारत में ईद आज मनाई जाएगी।
लखनऊ के बाजार हुए गुलजार
ईद का चांद दिखते ही लोगों में अलग ही उत्साह नजर आया। इसके साथ ही हजरतगंज, आलमबाग, और अमीनाबाद समेत कई अन्य बाजारों में खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। खाने-पीने की दुकानों से लेकर ज्वैलरी की दुकानों तक, फुटवियर की दुकान से इत्र की दुकान तक और कपड़ों की दुकान से लेकर बर्तनों की दुकान तक प्रत्येक दुकान में ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। इस दौरान बच्चे, बुजुर्ग, महिला-पुरुष हर किसी को उत्साह से लबरेज देखा गया।
महिलाओं में मेहंदी का क्रेज
महिलाओं को जैसे ही चांद का दीदार हुआ वैसे ही मेहंदी लगवाने के लिए भी बाजारों में खासी भीड़ देखने को मिली। मुस्लिम महिलाओं और युवतियों में इसे लेकर हर साल काफी क्रेज देखने को मिलता है, लेकिन इस बार छोटी-छोटी बच्चियां भी मेहंदी की दीवानगी के मामले में बड़ी महिलाओं को पीछे छोड़ती नजर आईं।
