लखनऊ

लखनऊ में अखिलेश यादव से मिलेंगे अ‍रविंद केजरीवाल, केंद्र के अध्‍यादेश के खिलाफ मांगेंगे समर्थन

UP Politics : सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा, 'केजरीवाल यहां बुधवार शाम अखिलेश से मुलाकात करेंगे।' सपा के एक नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह इस दौरान केजरीवाल के साथ हो सकते हैं।

Image

अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव।

Photo : BCCL

UP Politics : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे। यहां पर केजरीवाल की दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं पर नियंत्रण संबंधी केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ अखिलेश से चर्चा करेंगे। दरअसल, केजरीवाल इन दिनों केंद्र के इस अध्‍यादेश के खिलाफ संपूर्ण विपक्ष को एकजुट करने की जुगत में लगे हुए हैं और उनकी सपा सुप्रीमो से यह मुलाकात राजनीतिक दलों के नेताओं से समर्थन मांगने के बीच हो रही है।

संजय सिंह भी रहेंगे मौजूद

सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा, 'केजरीवाल यहां बुधवार शाम अखिलेश से मुलाकात करेंगे।' सपा के एक नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह इस दौरान केजरीवाल के साथ हो सकते हैं। हालांकि उन्होंने बैठक के एजेंडे के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी। केंद्र ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और केन्द्र शासित राज्यों के (दानिक्स) कैडर के अधिकारियों के तबादले और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण बनाने के उद्देश्य से 19 मई को एक अध्यादेश जारी किया था। यह अध्यादेश सर्वोच्च न्यायालय की ओर से दिल्ली में निर्वाचित सरकार को पुलिस, सार्वजनिक व्यवस्था और भूमि से संबंधित मामलों को छोड़कर अन्य मामलों का नियंत्रण सौंपने के बाद लाया गया था।

केजरीवाल ने किया था ट्वीट

इससे पहले केंद्र सरकार के अध्‍यादेश के खिलाफ दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया था। 23 मई अपने ट्वीट में उन्‍होंने लिखा था कि, 'आज से देश भर में निकल रहा हूँ। दिल्ली के लोगों के हक़ के लिए। SC ने बरसों बाद आदेश पारित करके दिल्ली के लोगों के साथ न्याय किया, उन्हें उनके हक दिए। केंद्र सरकार ने अध्यादेश लाकर वो सारे हक़ वापिस छीन लिए। जब ये कानून राज्य सभा में आएगा तो इसे किसी हालत में पास नहीं होने देना। सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों से मिलकर उनका साथ मांगूंगा।'

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ता author

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के... और देखें

End of Article