लखनऊ

एक बार फिर सजी अयोध्या, राम मंदिर दरबार की प्राण प्रतिष्ठा आज, अपने जन्मदिन पर आशीर्वाद लेने पहुंचेंगे CM योगी

अयोध्या के भव्य राम मंदिर के राम दरबार और परिसर के अन्य मंदिरों की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 5 जून यानी आज राम दरबार की स्थापना सहित परकोटे में स्थित छह अन्य मंदिरों में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। आज मुख्यमंत्री का जन्मदिन भी है, वो भी कार्यक्रम में शामिल होकर आशीर्वाद लेने अयोध्या पहुंचेंगे।

Image

प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां पूरी

Photo : ANI

Ram Mandir Pran Pratishta: आज यानी 5 जून को अयोध्या राम मंदिर परिसर में राजा राम और परकोटे में विराजमान अन्य देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन होगा, जिसके साक्षी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। संयोग से आज के दिन मुख्यमंत्री का‌ 53 वां जन्मदिन भी है और वह इस अवसर पर भगवान का आशीर्वाद लेंगे। अयोध्या में सरयू नदी के त्रयोदशी जन्मोत्सव की भी धूम है। मुख्यमंत्री के महोत्सव में पहुंचने की संभावना है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा समारोह सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देव विग्रहों की स्थापना होगी। अयोध्या के संत-महंत इस आयोजन को ऐतिहासिक बता रहे हैं।

सुरक्षा चाक-चौबंद

संत समुदाय का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर के निर्माण और अयोध्या के विकास के माध्यम से रामनगरी का खोया हुआ गौरव लौटाया है। पिछले आठ वर्षों में अयोध्या में 32 हजार करोड़ से अधिक विकास परियोजनाओं ने शहर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दी है। सड़क, रेल, हवाई अड्डा, सौंदर्यीकरण और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं ने अयोध्या को विश्व नक्शे पर चमकदार बनाया है। रामकथा पार्क, सरयू तट का सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंदिर परिसर इसकी बानगी हैं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर अयोध्या में उत्साह का माहौल है। संत-महंतों ने योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अयोध्या आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में उभरी है। सरयू त्रयोदशी जन्मोत्सव के अवसर पर नदी तट पर विशेष आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। प्रशासन ने इस भव्य आयोजन के लिए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने अयोध्या पहुंच रहे हैं। यह दिन न केवल आध्यात्मिक, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक बनेगा।

शामिल होंगे कई मेहमान

राम मंदिर के गर्भगृह में प्राण प्रतिष्ठा के बाद, आज राम दरबार और परिसर के अन्य मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का होगा। बयान के अनुसार, इस ऐतिहासिक अवसर पर राम मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार की स्थापना सहित परकोटे में स्थित छह अन्य मंदिरों में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई VIP मेहमान शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस समारोह में चार प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य अनुष्ठान के अलावा मां सरयू त्रयोदशी जन्मोत्सव, ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।

आदित्यनाथ की तीन पीढ़ियों का है राम मंदिर आंदोलन से जुड़ाव

CM योगी आदित्यनाथ का अयोध्या से संबंध केवल एक मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक संत, राम भक्त और राम मंदिर आंदोलन के सक्रिय सहयोगी के रूप में है। गोरखनाथ मठ और योगी आदित्यनाथ की तीन पीढ़ियां राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या से गहरा आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और राजनीतिक संबंध है। उनका यह जुड़ाव व्यक्तिगत आस्था से लेकर पीढ़ियों से चले आ रहे राम मंदिर आंदोलन तक फैला हुआ है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article