Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में करंट लगने की तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक महिला, उसका बेटा, एक अन्य महिला और एक युवक शामिल हैं। पुलिस ने शनिवार को इन घटनाओं की जानकारी दी।
पहली घटना खैरीघाट थाना क्षेत्र के मुनीमपुर कलां गांव की है, जहां गुरुवार देर रात 10 वर्षीय इस्माइल पंखा चलाते समय करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने पहुंची उसकी मां आलम आरा (45) को भी करंट लग गया। दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया।
दूसरी घटना हरदी थाना क्षेत्र के बौंडी शुक्ल गांव में हुई। शुक्रवार को 50 वर्षीय हलीमा स्नान के बाद जब अपने कमरे में आईं, तो देखा कि पंखा जमीन पर गिरा हुआ था और उसमें करंट दौड़ रहा था। पंखा उठाने के प्रयास में वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से गंभीर हालत में उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तीसरी घटना विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के रोहनीभारी गांव में सामने आई। यहां शुक्रवार को चिंताराम (23) अपनी दादी की तेरहवीं के कार्यक्रम में टेंट में लाइट लगा रहा था। इस दौरान गलती से बिजली का तार छू जाने से टेंट में करंट फैल गया और चिंताराम उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर घटनाओं की जांच की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
