शहर

Lakhimpur Kheri: तेज रफ्तार ने मचाई तबाही! ट्रक और मैजिक की आमने-सामने से भीषण टक्कर, 9 लोगों की मौत; CM ने किया मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मैजिक वाहन और ट्रक की आमने-सामने से भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएम योगी ने इस हादसे पर दुख जताया है।

Image

लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा

Lakhimpur Kheri Accident: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। NH-730 पर एक मैजिक वाहन और ट्रक की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और लोगों की मदद करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

मैजिक में सवार थे 12 लोग

यह हादसा ईसानगर क्षेत्र में ऊंच गांव और भरेहटा के बीच नेशनल हाईवे-730 पर हुआ। जानकारी के अनुसार, टाटा मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रहा था, जिसमें करीब 12 लोग सवार थे। वहीं ट्रक बहराइच की ओर से आ रहा था। तभी दोनों वाहनों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी फैल गई और हाईवे पर यातायात भी बाधित हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही सीओ धौरहरा, खमरिया और ईसानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। यह हादसा इतना भंयकर था कि वाहन के अंदर ही लोग फंस गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। जिसके बाद सभी घायलों को तुरंत सीएचसी खमरिया भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

सीएम योगी ने हादसे पर जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

हादसे का बाद हाईवे पर लगा जाम

हादसे के बाद प्रशासन ने क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हुआ। हालांकि हादसे के बाद कुछ समय तक रास्ते पर लंबा जाम लगा रहा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और गलत दिशा में ओवरटेकिंग को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article