Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार यानी आज लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्त जारी करने वाले हैं। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इस दौरान करोड़ों महिलाओं के बैंक अकाउंट में 1835 करोड़ से अधिक राशि ट्रांसफर की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
सिंगल क्लिक से भेजी जाएगी राशि
सरकारी जानकारी के मुताबिक, इस बार योजना के तहत 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 पात्र महिलाओं के बैंक अकाउंट्स में कुल 1835 करोड़ 67 लाख 29 हजार 250 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस राशि को सिंगल क्लिक के जरिए भेजा जाएगा, जिससे यह प्रक्रिया और भी आसान और तेज हो गई।
महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
राज्य सरकार का कहना है कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में भी यह योजना महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिलने से वे अपनी घरेलू जरूरतों को आसानी से पूरी कर पा रही हैं। इससे परिवार के फैसलों में भी उनकी भागीदारी बढ़ी है।
लाड़ली बहना योजना से बढ़ी आर्थिक आत्मनिर्भरता
सरकार की इस योजना का प्रभाव ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में देखा जा रहा है। कई महिलाओं ने इस योजना के तहत मिलने वाली राशि का इस्तेमाल अपने बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी जरूरतों पर किया है। वहीं कुछ महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार की ओर भी बढ़ रही हैं। इस योजना के तहत सीधे बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने से महिलाओं की बैंकिंग व्यवस्था तक पहुंच भी बढ़ी है, जिससे वे आर्थिक रूप से और अधिक आत्मनिर्भर बन रही हैं।
