Kolkata News: पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में लियोनेल मेस्सी के कार्यक्रम के कुप्रबंधन को लेकर हाल ही में हुए विवाद के मद्देनजर अपने पद से इस्तीफे दे दिया है। जहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने मंगलवार को उनके इस्तीफा की यह जानकारी दी।
घोष ने एक फेसबुक पोस्ट में बिस्वास द्वारा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लिखे गए इस्तीफे की कॉपी शेयर की। उसमें था कि बिस्वास ने राज्य के खेल मंत्री के रूप में अपने दायित्वों से मुक्त करने का अनुरोध किया है।
IANS के अनुसार, बिस्वास ने बंगाली में लिखे अपने इस्तीफे के पत्र में कहा, 'मुझे उम्मीद है कि आप (CM) इस मामले में मेरे अनुरोध को मंजूरी देंगे।' खबरों के मुताबिक, ममता बनर्जी ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
क्या है मामला?
यह घटनाकम्र 13 दिसंबर को विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (जिसे सॉल्ट लेक स्टेडियम के नाम से भी जाना जाता है) में मेस्सी की भागीदारी वाले आयोजन के दौरान कुप्रबंधन और सुरक्षा चूक को लेकर बढ़ती आलोचना और राजनीतिक विरोध के बीच आया है। मेस्सी की झलक नहीं पाने से नाराज दर्शकों ने तोड़फोड़ की थी और उनकी पुलिस के साथ झड़प हो गई थी। इस दौरान स्टेडियम के फर्नीचर को लगभग दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
घोष ने अपनी पोस्ट में कहा, 'खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर खेल विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त करने का अनुरोध किया है।' उन्होंने स्वीकार किया कि इस कदम का कारण मेस्सी के कार्यक्रम में उत्पन्न हुई आराजकता से उपजे विवाद को बताया गया है।
SIT का गठन
कार्यक्रम के दौरान सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई तोड़फोड़ की जांच के लिए चार सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव मनोज पंत ने वरिष्ठ आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) अधिकारियों वाली चार सदस्यीय एसआईटी गठित की है। मुख्य सचिव ने बताया कि कर्तव्य में लापरवाही के लिए डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) बिधाननगर अनीश सरकार को निलंबित कर दिया गया है और विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बंगाल के खेल सचिव राजेश कुमार सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और सॉल्ट लेक स्टेडियम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डी के नंदन की सेवाएं वापस ले ली गई हैं।
