शहर

Kolkata Metro: सरकार बदलते ही 'ऑरेंज लाइन' मेट्रो को मिली हरी झंडी, 120 घंटे का मेगा ब्लॉक; सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था मामला

कोलकाता मेट्रो की ऑरेंज लाइन का काम सरकार बदलने के बाद फिर शुरू हो गया है। चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग पर पिलर निर्माण के लिए 15 मई से 120 घंटे का ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा।

Image

शुरू हो रहा है सालों से अटका मेट्रो का काम (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Kolkata Metro: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। महानगर की सबसे खास परियोजनाओं में से एक, कोलकाता मेट्रो की ऑरेंज लाइन (न्यू गरिया-एयरपोर्ट कॉरिडोर) के निर्माण कार्य को आखिरकार गति मिल गई है। पूर्व की ममता बनर्जी सरकार से ट्रैफिक अनुमति न मिलने के कारण जो काम कई महीनों से लंबित था, उसे नई सरकार ने कार्यभार संभालते ही मंजूरी दे दी है।

चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग पर शुरू होगा युद्धस्तर पर काम

मेट्रो पिलर निर्माण के लिए शहर के सबसे व्यस्त चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग पर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कोलकाता पुलिस ने ट्रैफिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। पुलिस कमिश्नर अजय नंद की अनुमति के बाद आगामी दो वीकेंड्स में कुल 120 घंटे का मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लागू किया जाएगा। चिंगड़ीघाटा में मेट्रो पिलर का काम सालो से अटका हुआ था। यह मामला कलकत्ता हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। शीर्ष अदालत की सख्त टिप्पणियों के बावजूद पूर्व सरकार ने व्यस्ततम ईएम बाईपास पर ट्रैफिक रोकने की अनुमति नहीं दी थी, जिससे प्रोजेक्ट की लागत और समय दोनों बढ़ रहे थे।

ट्रैफिक डायवर्जन: कब और कहां लगेगा प्रतिबंध?

यात्रियों की सुविधा और निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए इसे दो चरणों में बांटा गया है।

पहला चरण (उत्तर दिशा): 15 मई (शुक्रवार) रात 8 बजे से शुरू होकर 18 मई (सोमवार) सुबह 8 बजे तक यानी कुल 60 घंटे तक रहेगा। इस दौरान चिंगड़ीघाटा मोड़ के उत्तर की ओर जाने वाले रास्तों पर आंशिक प्रतिबंध रहेगा।

दूसरा चरण (दक्षिण दिशा): 22 मई की रात से 25 मई की सुबह तक यानी 60 घंटे तक रहा। इस चरण में दक्षिण की ओर जाने वाली सड़कों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा।

क्यों अहम है यह मंजूरी?

316 वर्ग मीटर का यह छोटा सा हिस्सा पूरी ऑरेंज लाइन के लिए सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था। नई सरकार के गठन के बाद अब पिलर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और राज्य सरकार के सहयोग से अब इस कॉरिडोर को जल्द से जल्द चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। लकाता पुलिस ने वाहन चालकों को इन दो वीकेंड्स के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article