शहर

खाटू श्याम धाम का नया स्टेशन कैसा होगा? सामने आई तस्वीर; राजस्थानी विरासत की दिखेगी भव्य झलक

रेल मंत्री ने बताया कि परियोजना की शुरुआत तकनीकी कार्यों से होगी। इसके तहत इंजीनियरिंग और सिग्नलिंग से जुड़े कार्य, नई रेलवे लाइन का निर्माण तथा उसे मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसके बाद स्टेशन भवन का निर्माण शुरू होगा।

Image

खाटू श्याम धाम का नया रेलवे स्टेशन ऐसा होगा

राजस्थान के विश्वविख्यात श्री खाटू श्याम जी मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे जल्द ही बड़ी सौगात देने जा रहा है। रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw ने मंगलवार को श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान मंदिर के निकट नए रेलवे स्टेशन के निर्माण की जानकारी दी। यह स्टेशन सीकर–रींगस रेलखंड पर पलसाना और बावड़ी ठिकरिया स्टेशनों के बीच बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी।

बैठक में पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, राजस्थान सरकार के मंत्री झाबर सिंह खर्रा तथा श्री श्याम मंदिर समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं की आवश्यकता पर चर्चा की और रेलवे द्वारा लगातार किए जा रहे बुनियादी ढांचे के विकास के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।

रेल मंत्री ने बताया कि परियोजना की शुरुआत तकनीकी कार्यों से होगी। इसके तहत इंजीनियरिंग और सिग्नलिंग से जुड़े कार्य, नई रेलवे लाइन का निर्माण तथा उसे मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसके बाद स्टेशन भवन का निर्माण शुरू होगा।

करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित यह नया स्टेशन राजस्थान की पारंपरिक स्थापत्य शैली के अनुरूप विकसित किया जाएगा। स्टेशन पर आधुनिक बुकिंग कार्यालय, विशाल प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं और आधुनिक यात्री-अनुकूल व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी, ताकि श्रद्धालुओं को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।

हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र श्री खाटू श्याम जी मंदिर तक बेहतर रेल पहुंच सुनिश्चित करने वाला यह प्रोजेक्ट केवल यात्रा को आसान नहीं बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा राजस्थान में रेलवे के बुनियादी ढांचे को भी नई गति मिलेगी। यह पहल भारतीय रेलवे की आधुनिक, यात्री-केंद्रित और आस्था से जुड़े प्रमुख स्थलों तक बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने की प्रतिबद्धता का एक और महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article