Khalari News: झारखंड की राधानी रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर खलारी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मार दी और फिर घर जाकर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, यह घटना खलारी स्थित केडीएच ग्राउंड के नजदीक हुई। युवक ने सुबह अपनी प्रेमिका को वहां रोका। दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई, लेकिन उसके तुरंत बाद युवक ने लड़की पर गोली चला दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की फाइल फोटो
घटना से बाद बनाया वीडियो
स्थानीय सूत्रों और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने घटना को अंजाम देने से बाद एक वीडियो भी बनाया था। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। प्रेमिका को गोली मारने के बाद युवक मौके से फरार हो गया और सीधे अपने घर पहुंचा। वहां उसने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
गुरुग्राम में भी ऐसी ही वारदात
गुरुग्राम में भी ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी महिला दोस्त को गोली मार दी। पीड़िता 25 वर्षीय विवाहित महिला है, जो गुरुग्राम के एक क्लब में काम करती है। यह घटना 20 दिसंबर की रात की है। आरोपी तुषार ने अपने साथी शुभम के साथ क्लब में पहुंचकर युवती से शादी करने की बात कही। युवती के इनकार करने पर तुषार ने पिस्टल से उसके पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
घायल युवती को तुरंत गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती की हालत गंभीर थी, जिसके चलते उसका बयान नहीं लिया जा सका। बाद में उसके पति की शिकायत पर थाना डीएलएफ सेक्टर-29 में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों तुषार उर्फ जोंटी और शुभम उर्फ जॉनी को उत्तर प्रदेश के बड़ौत से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि तुषार और पीड़िता की दोस्ती करीब छह महीने पुरानी थी और वह लगातार शादी का दबाव बना रहा था। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब हथियार की बरामदगी और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
