शहर

सीएम योगी ने कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को किया याद, कहा- वीरों का साहस और त्याग सदैव अमर रहेगा

कारगिल विजय दिवस पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। सीएम योगी ने इसे वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का अमर प्रतीक बताया।

Image

फाइल फोटो

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई प्रमुख नेताओं के अलावा कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने रविवार को कारगिल विजय दिवस पर वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को नमन किया।

योगी ने कहा कि यह दिवस वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का अमर प्रतीक है। हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। भारतीय सेना ने 1999 में इसी दिन ’ऑपरेशन विजय’ की सफलता की घोषणा की थी। उस समय लद्दाख के कारगिल में पाकिस्तानी सैनिकों की घुसपैठ के बाद करीब तीन महीने तक चले संघर्ष में भारत ने विजय हासिल की थी।

योगी समेत भाजपा, कांग्रेस और सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक ’एक्स’ अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, ’’कारगिल विजय दिवस की सभी को हार्दिक बधाई। यह दिवस हमारे वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का अमर प्रतीक है।’’ योगी ने कहा, ’’मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले भारतीय सेना के सभी अमर वीरों को नमन। जय हिंद!’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीरों को कारगिल विजय दिवस पर कोटि-कोटि नमन।’’

यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ’अपनी’ पोस्ट में कहा, ’’कारगिल विजय दिवस की गौरवमयी वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, अद्वितीय शौर्य, अटूट संकल्प और उनकी अक्षुण्ण राष्ट्रभक्ति को कोटिशः नमन!’’ मौर्य ने कहा कि 1999 में ’ऑपरेशन विजय’ के माध्यम से हमारे वीर जवानों ने अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और भारत के गौरव को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी अमर वीरों का त्याग और पराक्रम प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ’एक्स’ पर एक ’पोस्ट’ में कहा, ’’भारत माता के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान के परिचायक कारगिल विजय की गौरवमयी वर्षगांठ पर समस्त सेना के जवानों की वीरता एवं साहस को सादर नमन।’’

कांग्रेस ने अमर शहीदों के बलिदान को याद किया

कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने अपने आधिकारिक ’एक्स’ खाते पर एक पोस्ट में कहा, "कारगिल की बर्फीली चोटियों पर अपने खून से तिरंगा फहराने वाले अमर जवानों के शौर्य और अदम्य साहस को कोटि-कोटि नमन।" उसने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों का बलिदान देशवासियों के सीने में सदा देशभक्ति की आग जलाता रहेगा।

समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "सभी देशवासियों को ’कारगिल विजय दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।" सपा ने कहा, "कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को शत शत नमन।" पाकिस्तानी सैनिकों ने घुसपैठ कर कारगिल की पहाड़ियों पर स्थित रणनीतिक चौकियों पर कब्जा कर लिया था। उनका मकसद कश्मीर और लद्दाख के बीच परिवहन संपर्क को बाधित करना था। भारत ने उन्हें खदेड़ने के लिए ’ऑपरेशन विजय’ शुरू किया और इसमें सफलता हासिल की।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article