शहर

Kapurthala Mayor Election 2026: कपूरथला में चला 'आप' का जादू, मेयर और दोनों डिप्टी मेयर की कुर्सी पर जमाया कब्जा

आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार नरिंदर सिंह मनसू को कपूरथला नगर निगम का नया मेयर चुना गया। वहीं, कामाक्षी दुग्गल ने सीनियर डिप्टी मेयर पद पर जीत दर्ज की, जबकि समीर शर्मा डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

पंजाब के कपूरथला नगर निगम में आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ी राजनीतिक जीत हासिल की है। पार्टी ने नगर निगम के तीनों प्रमुख पदों पर कब्जा जमाते हुए मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव जीत लिया। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार नरिंदर सिंह मनसू को कपूरथला नगर निगम का नया मेयर चुना गया। वहीं, कामाक्षी दुग्गल ने सीनियर डिप्टी मेयर पद पर जीत दर्ज की, जबकि समीर शर्मा डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए। तीनों पदों पर जीत के साथ आम आदमी पार्टी ने नगर निगम में अपनी मजबूत पकड़ का प्रदर्शन किया।

बुधवार को हुए चुनाव में AAP और कांग्रेस के कुछ असंतुष्ट पार्षदों के समर्थन से नरिंदर सिंह मंसू के मेयर चुने जाने का दावा किया गया। इसे कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह के खेमे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

हालांकि चुनाव परिणाम के बाद विधायक राणा गुरजीत सिंह ने पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने चुनाव को नियमों के खिलाफ बताते हुए इसे अवैध करार देने का दावा किया। राणा ने कहा कि उनके पक्ष में 26 पार्षदों के अलावा उनका खुद का वोट मिलाकर कुल 27 मत थे, जबकि विरोधी खेमे के पास संख्या कम होने के बावजूद मेयर पद पर जीत का दावा किया गया।

विधायक ने अपने समर्थक पार्षदों के साथ मीडिया के सामने अपनी संख्या भी दिखाई और कहा कि वह इस मामले को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही।

दूसरी ओर, नवनिर्वाचित मेयर नरिंदर सिंह मंसू ने जीत के बाद AAP और अन्य सहयोगी पार्षदों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कपूरथला शहर का विकास करना होगी। उन्होंने नगर निगम के कामकाज को गति देने और शहर में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

मेयर चुनाव के इस घटनाक्रम ने कपूरथला की स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। कांग्रेस के बहुमत के बावजूद मेयर पद पर हुए इस बदलाव को पंजाब की सियासत में बदलते समीकरणों के तौर पर देखा जा रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article