कानपुर : कमिश्नरेट पुलिस की कल्याणपुर थाना पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 4.93 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 48 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, नवशील धाम फेज-2 निवासी आशीष कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उनकी संस्था को डोनेशन दिलाने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने उन्हें लखनऊ ले जाकर कथित तौर पर बंधक बनाया और उनके मोबाइल फोन व बैंक खातों का दुरुपयोग करते हुए संस्था के खाते से करीब 4 करोड़ 93 लाख रुपये का अवैध लेन-देन किया। इस दौरान बैंक खाते, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, ओटीपी, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल कर रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर की गई।
मामले की जांच के दौरान प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर रावतपुर बस अड्डे से कंपनी बाग जाने वाले मार्ग पर निर्माणाधीन मेट्रो के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें -बिहार के मुंगेर में आतंकी नेटवर्क का शक! पुलिस ने संदिग्ध को दबोचा; हथियार समेत ये सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभेन्द्र प्रकाश मिश्र उर्फ शुभम मिश्रा, राज सिंह और राहुल चौधरी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पीड़ित के मोबाइल में एपीके (APK) फाइल इंस्टॉल कर मोबाइल और बैंकिंग का पूरा एक्सेस हासिल किया। इसके बाद विदेशी हैंडलरों और अन्य साथियों की मदद से संस्था के बैंक खाते का इस्तेमाल गेमिंग प्लेटफॉर्म पर कर करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एचपी लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, 48 सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज, पांच खाली सिम रैपर और 900 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों को साइबर फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और पूरे साइबर नेटवर्क के साथ अवैध बैंकिंग लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
